सिद्धार्थनगर महोत्सव 2026: 28 जनवरी से सजेगी सांस्कृतिक महफिल, बी-प्राक, गोविंदा और पवन सिंह बिखेरेंगे जलवा
Siddharthnagar News: जनपद के स्थापना दिवस की याद में आयोजित होने वाला सिद्धार्थनगर महोत्सव 2026 इस बार बेहद खास होने जा रहा है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में हुई बैठक में महोत्सव की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया गया है। 28 जनवरी से शुरू होकर 1 फरवरी तक चलने वाले इस उत्सव में भजन, बॉलीवुड, पंजाबी और भोजपुरी संगीत के दिग्गजों का जमावड़ा लगेगा।
बता दें कि 29 दिसंबर 1988 को बस्ती से अलग होकर सिद्धार्थनगर जनपद अस्तित्व में आया था। तब से ही स्थापना काल की याद में ‘कपिलवस्तु महोत्सव’ का आयोजन होता रहा है, जिसे अब ‘सिद्धार्थनगर महोत्सव’ के रूप में एक नई पहचान मिली है। इस बार का महोत्सव न केवल मनोरंजन का साधन होगा, बल्कि स्थानीय कला, संस्कृति और व्यंजनों (फूड फेस्टिवल) को भी एक बड़ा मंच प्रदान करेगा।

महोत्सव का स्टार स्टडेड शेड्यूल (रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक)
28 जनवरी (भजन संध्या): महोत्सव का आगाज मशहूर भजन गायिका स्वाति मिश्रा की मधुर आवाज के साथ होगा।
29 जनवरी (पंजाबी-हिंदी तड़का): अपनी दमदार और भावुक आवाज के लिए मशहूर बी-प्राक (प्रतीक बच्चन) दर्शकों को अपने गीतों पर झूमने को मजबूर करेंगे।
30 जनवरी (बॉलीवुड नाइट): बॉलीवुड के ‘हीरो नंबर-1’ मशहूर अभिनेता गोविंदा मंच की शोभा बढ़ाएंगे। उनके साथ भोजपुरी गायक रूपेश मिश्रा भी अपनी प्रस्तुति देंगे।

31 जनवरी (कवि सम्मेलन): साहित्य प्रेमियों के लिए यह रात खास होगी, जहाँ प्रख्यात कवि प्रताप फौजदार अपने व्यंग्य और कविताओं से गुदगुदाएंगे।
1 फरवरी (भजन व भोजपुरी नाइट): महोत्सव के समापन पर भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह अपनी प्रस्तुति से धमाल मचाएंगे।

महोत्सव को भव्य बनाने के लिए जिलाधिकारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। आयोजन समिति के अध्यक्ष स्वयं जिलाधिकारी होंगे, जबकि मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सचिव और वरिष्ठ कोषाधिकारी रमेन्द्र कुमार मौर्य व परियोजना निदेशक नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी संयोजक के रूप में कार्य करेंगे। जिलाधिकारी ने जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों से भी अपील की है कि वे भारी संख्या में महोत्सव में पधारें और कलाकारों का उत्साह बढ़ाते हुए इस सांस्कृतिक उत्सव का आनंद लें।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: चार घंटे थाने में रहीं फिर भी दर्ज नहीं हुआ बयान, नेहा राठौर बोलीं- अपनी बातों पर अभी भी हूं कायम

