विजय हजारे ट्रॉफी: बिहार के तेज गेंदबाज शब्बीर खान का कहर, हैट्रिक समेत 1 रन पर झटके 4 विकेट

Sandesh Wahak Digital Desk: विजय हजारे ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप फाइनल में बिहार के तेज गेंदबाज शब्बीर खान ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए मणिपुर की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

रांची में खेले गए इस मुकाबले में शब्बीर ने न सिर्फ हैट्रिक ली, बल्कि एक ही ओवर में 4 विकेट चटकाकर मैच का रुख एकतरफा कर दिया।

मणिपुर की टीम पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी, लेकिन शुरुआत से ही शब्बीर खान के सामने टिक नहीं सकी। टीम के ओपनर्स ने जब स्कोरबोर्ड पर सिर्फ 5 रन जोड़े थे, तभी शब्बीर ने अपने पहले ओवर की चौथी गेंद पर कर्णजीत को क्लीन बोल्ड कर पहला झटका दे दिया।

5वें ओवर में मचाया कहर

शब्बीर का असली कहर मणिपुर की पारी के 5वें ओवर में देखने को मिला। ओवर की दूसरी, तीसरी और चौथी गेंद पर लगातार तीन विकेट लेकर उन्होंने हैट्रिक पूरी की।

इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर एक और बल्लेबाज को आउट कर उसी ओवर में कुल चार विकेट अपने नाम किए।

हैट्रिक के दौरान शब्बीर ने लैंगलोन्याम्बा, संतोष और जॉनसन को पवेलियन भेजा, जो मणिपुर की टॉप ऑर्डर की अहम कड़ियाँ थे। इसके बाद आखिरी गेंद पर प्रियोजीत को आउट कर उन्होंने ओवर में चौथा विकेट लिया।

ये चारों झटके मणिपुर को महज एक रन के अंतराल पर लगे और टीम का स्कोर 19 रन पर ही लड़खड़ा गया।

शब्बीर यहीं नहीं रुके। अपने अगले ओवर में उन्होंने जेमसन को भी आउट कर छठा विकेट हासिल किया।

करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

28 वर्षीय शब्बीर खान ने अपने पहले ही स्पेल में सभी 6 विकेट चटकाए। उन्होंने 5 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 6 विकेट लिए, जिसमें एक मेडन ओवर भी शामिल रहा। यह प्रदर्शन उनके लिस्ट-ए करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ आंकड़ा है।

शब्बीर खान की इस घातक गेंदबाजी ने प्लेट ग्रुप फाइनल में बिहार को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया और मुकाबले को पूरी तरह उनके पक्ष में मोड़ दिया।

Also Read: Varanasi News: वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आगाज़, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक बोले- ‘खेलो इंडिया से मिल रहा लाभ’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.