लखनऊ: अवैध निर्माणों पर LDA का ‘हंटर’, 85 बीघा की अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, 4 इमारतें सील
Sandesh Wahak Digital Desk: शहर के नियोजित विकास को सुनिश्चित करने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने मंगलवार को राजधानी के विभिन्न इलाकों में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने एक तरफ दुबग्गा में बड़े पैमाने पर हो रही अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर से ढहा दिया, वहीं गोमती नगर विस्तार और चिनहट में बिना अनुमति बन रहे व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया।
दुबग्गा में 85 बीघा जमीन पर चला बुलडोजर
जोनल अधिकारी माधवेश कुमार के नेतृत्व में प्रवर्तन जोन-7 की टीम ने दुबग्गा के लालनगर, शेखपुरवा और सराई प्रेमनगर में सघन अभियान चलाया। यहां कामिल, गुड्डू, ताजुद्दीन और सुरेन्द्र यादव समेत अन्य बिल्डरों द्वारा एलडीए से बिना ले-आउट पास कराए लगभग 85 बीघा क्षेत्रफल में अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाए गए रास्तों और ढांचों को ध्वस्त (Demolition) कर दिया।

गोमती नगर और चिनहट में अवैध निर्माण सील
प्रवर्तन जोन-1 की जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि शहर के पॉश इलाकों में नियमों की अनदेखी कर हो रहे निर्माणों पर ताला जड़ दिया गया है।
गोमती नगर विस्तार (सेक्टर-7): यहां सरसवां में 140 से 200 वर्गमीटर के भूखंडों पर प्रमोद, डॉ. कुलदीप सिंह और आशीष द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध निर्माण कराया जा रहा था।
चिनहट (दमरिया): रिंग रोड के पास आशुतोष मदेशिया, शिमला देवी और विवेक सिंह द्वारा लगभग 400 वर्गमीटर में व्यावसायिक निर्माण कराया जा रहा था।
एलडीए ने मानचित्र स्वीकृत न होने के कारण इन सभी 04 अवैध निर्माणों को सील कर पुलिस की अभिरक्षा में दे दिया है।

एलडीए की सख्त चेतावनी
प्राधिकरण के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लखनऊ में बिना नक्शा पास कराए निर्माण करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी भूखंड को खरीदने या निर्माण शुरू करने से पहले एलडीए से उसकी वैधता की जांच जरूर कर लें।
Also Read: लखनऊ: मड़ियांव ओवरब्रिज के नीचे गांजा बेच रहा तस्कर गिरफ्तार, 2 किलो से अधिक नशीला पदार्थ बरामद

