प्रतापगढ़: मेडिकल कॉलेज के स्वास्थ्य कर्मी ने खुद को मारी गोली, घर में मची चीख-पुकार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां मेडिकल कॉलेज के आईसीयू (ICU) वार्ड में तैनात एक युवा हेल्थ वर्कर ने घर के भीतर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

रात के सन्नाटे में गूंजी गोली की आवाज

यह घटना मंगलवार देर रात कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के फुलवरिया त्रिपुरारी नगर की है। 32 वर्षीय अतुल पांडे, जो मूल रूप से फतनपुर के नारायणपुर कला के रहने वाले थे। अतुल ने घर के कमरे में एक अवैध (देसी) पिस्तौल से अपने सिर में गोली मार ली। गोली चलने की तेज आवाज सुनकर जब घरवाले और पड़ोसी कमरे की तरफ दौड़े, तो वहां का मंजर देखकर सबके होश उड़ गए।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

परिजनों ने आनन-फानन में खून से लथपथ अतुल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। वहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। जिस मेडिकल कॉलेज में अतुल दूसरों की जान बचाने का काम करते थे, वहीं उनकी मौत की खबर ने सहकर्मियों को भी स्तब्ध कर दिया है।

पुलिस की कार्रवाई और अनसुलझे सवाल

सर्कल ऑफिसर (सिटी) प्रशांत राज ने बताया कि पुलिस ने मौके से हथियार बरामद कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अतुल ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया? क्या वह किसी मानसिक तनाव में थे या कोई पारिवारिक विवाद था? पुलिस अभी इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद से ही त्रिपुरारी नगर के लोग सहमे हुए हैं। पड़ोसियों का कहना है कि अतुल एक मिलनसार व्यक्ति थे, उनके इस कदम ने सबको झकझोर दिया है।

Also Read: गोंडा: बिजली विभाग में बड़ी कार्रवाई, 10 जेई को नोटिस, 5 इंजीनियरों पर भी गिरी गाज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.