सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में चढ़ाई आस्था की खिचड़ी, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना
Gorakhpur News: मकर संक्रांति के पावन अवसर पर गोरखपुर का गोरखनाथ मंदिर पूरी तरह भक्ति के रंग में डूबा हुआ है। नाथपंथ की सदियों पुरानी परंपरा को निभाते हुए गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त में ठीक 4:00 बजे महायोगी गुरु गोरखनाथ को विधि-विधान से पवित्र खिचड़ी चढ़ाई। इस दौरान मंदिर परिसर ‘जय गोरख’ के उद्घोष से गूंज उठा।
खिचड़ी चढ़ाने के बाद मुख्यमंत्री ने भगवान गोरखनाथ से प्रदेश की जनता के बेहतर स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की मंगल कामना की। उन्होंने सभी संतों और श्रद्धालुओं को मकर संक्रांति की बधाई देते हुए कहा कि सूर्य देव का मकर राशि में प्रवेश जीवन में नई ऊर्जा और शुभ कार्यों की शुरुआत का प्रतीक है। मीडिया से बातचीत में सीएम योगी ने कहा, यह मेरा परम सौभाग्य है कि मुझे सुबह 4 बजे विशिष्ट पूजा के बाद भगवान गोरखनाथ को श्रद्धा की खिचड़ी अर्पित करने का अवसर मिला। कल से ही लाखों श्रद्धालु मंदिर में अपनी आस्था प्रकट कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने इस पर्व की गहराई को समझाते हुए बताया कि सूर्य देव इस जगत की आत्मा हैं। उन्होंने कहा, आज से सनातन धर्म में सभी मांगलिक कार्यों (जैसे विवाह, मुंडन आदि) की शुरुआत हो जाएगी। सूर्य अब धनु से मकर राशि में प्रवेश कर चुके हैं। अगले छह महीने तक सूर्य उत्तरायण रहेंगे, जिसमें दिन बड़े और रातें छोटी होंगी। यह समय जीवंतता और ऊर्जा का प्रतीक है। भारत की महान ऋषि परंपरा ने सूर्य के प्रकाश और ऊर्जा को कितना महत्व दिया है, यह मकर संक्रांति का पर्व हमें याद दिलाता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केवल गोरखपुर ही नहीं, बल्कि प्रयागराज के संगम तट से लेकर प्रदेश के तमाम पवित्र नदियों और घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि उत्सव का यह माहौल शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
Also Read: मुंबई से नागपुर तक लोकतंत्र का उत्सव, भागवत, सचिन तेंदुलकर और पीयूष गोयल ने डाला वोट

