महाराष्ट्र निकाय चुनाव 2026: ‘मिनी विधानसभा’ के नतीजे आज, सुबह 10 बजे से शुरू होगी महा-गिनती
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र की राजनीति के लिए आज का दिन बेहद निर्णायक है। राज्य की 29 महानगरपालिकाओं (Municipal Corporations) के लिए कल (15 जनवरी) हुए मतदान के बाद आज सुबह 10 बजे से वोटों की गिनती शुरू होने जा रही है। बीएमसी (BMC) समेत पुणे, ठाणे और नागपुर जैसे बड़े नगर निगमों के नतीजे यह तय करेंगे कि राज्य की जनता का मूड किस ओर है। इसे 2029 के विधानसभा चुनाव का ‘सेमीफाइनल’ माना जा रहा है।
बीएमसी (BMC): 227 सीटों पर महा-मुकाबला
देश के सबसे अमीर नगर निगम, मुंबई महानगरपालिका (BMC) पर सभी की निगाहें टिकी हैं। मुंबई में कुल 23 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। मतगणना को तेज करने के लिए प्रत्येक सेंटर पर एक साथ 2 वार्डों के वोटों की गिनती होगी। विभिन्न एग्जिट पोल्स ने भाजपा-शिवसेना (महायुति) गठबंधन को स्पष्ट बढ़त मिलने का अनुमान जताया है। वहीं, शिवसेना (UBT) और मनसे गठबंधन के लिए कड़ी चुनौती बताई जा रही है।
मतदान का प्रतिशत और सियासी समीकरण
गुरुवार को हुए मतदान में औसतन 50 से 55 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। कोल्हापुर में सबसे अधिक (करीब 51%) और पुणे में तुलनात्मक रूप से कम मतदान हुआ। यह चुनाव शिवसेना के दो गुटों (एकनाथ शिंदे बनाम उद्धव ठाकरे) और राष्ट्रवादी कांग्रेस के दो धड़ों (अजित पवार बनाम शरद पवार) के बीच वर्चस्व की पहली बड़ी परीक्षा है। मुंबई के अलावा ठाणे, नवी मुंबई, नासिक, सोलापुर और छत्रपति संभाजीनगर जैसे 29 प्रमुख शहरों के भविष्य का फैसला भी आज ही होगा।
Also Read: लखनऊ: दवा कारोबारी ने अवैध रिवाल्वर से खुद को मारी गोली, करोड़ों की देनदारी बनी वजह!

