UP Politics: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का राहुल गांधी पर तंज, बोले- उनकी शादी नहीं हुई, वरना…
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। बागपत और हापुड़ के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे डिप्टी सीएम ने राहुल गांधी की उम्र और उनके अविवाहित होने को लेकर तंज कसा, जो अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
परिवारवाद की राजनीति कर रहा विपक्ष
ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा, “राहुल गांधी की तो शादी भी नहीं हुई है। उनकी उम्र कितनी हो गई है, यह सबको पता है। अगर उनकी शादी हुई होती, तो इस उम्र के व्यक्तियों को अब तक लोग दादा या बाबा कहकर पुकारते।” उन्होंने आगे कांग्रेस के भविष्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब प्रियंका गांधी के बच्चे ही पार्टी की कमान संभालेंगे। इसी कड़ी में उन्होंने समाजवादी पार्टी को भी लपेटे में लिया और कहा कि सपा में भी कमान अब अखिलेश यादव के बच्चों के हाथों में जाने वाली है।
भाजपा में मेहनत, विपक्ष में विरासत
ब्रजेश पाठक ने भाजपा और अन्य दलों के बीच अंतर बताते हुए कहा कि विपक्षी दलों में केवल परिवारवाद चलता है, जबकि भाजपा में एक आम कार्यकर्ता अपनी मेहनत के दम पर प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद तक पहुंच सकता है।
इसके साथ ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 2027 में यूपी फतह करने के दावे पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा दिन में सपने देखना छोड़ें अखिलेश यादव मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। जनता सपा के उस शासनकाल को नहीं भूली है जिसमें गुंडागर्दी, अपहरण और लूट का बोलबाला था।
उन्होंने याद दिलाया कि सपा सरकार में एक हफ्ता दिन और एक हफ्ता रात में बिजली आती थी, जबकि आज 24 घंटे बिजली मिल रही है। पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी में सड़कों का जाल बिछा है और जनता डबल इंजन की सरकार से पूरी तरह संतुष्ट है।

