लखनऊ: कंटेनर ड्राइवर की हत्या का 24 घंटे में खुलासा, साले ने ही जीजा को उतारा था मौत के घाट

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के बक्शी का तालाब (BKT) इलाके में 20 जनवरी की रात हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इंदौराबाग अंडरपास के पास कंटेनर में मृत मिले ड्राइवर राममूर्ति की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही एक करीबी रिश्तेदार ने की थी। पुलिस ने आरोपी संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

शराब के नशे में छेड़छाड़ बनी कत्ल की वजह

पुलिस पूछताछ में जो कहानी सामने आई, वह चौंकाने वाली है। मृतक राममूर्ति और आरोपी संदीप आपस में रिश्तेदार थे। 19 जनवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी और खाना खाया। इसी दौरान संदीप की पत्नी ने उसे बताया कि राममूर्ति ने नशे की हालत में उसकी बहन (संदीप की साली) के साथ छेड़छाड़ की है। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ।

आक्रोश में आकर लोहे की रॉड से किया हमला

संदीप पहले तो राममूर्ति को छोड़कर घर चला गया, लेकिन उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह देर रात दोबारा कंटेनर के पास पहुँचा और छेड़छाड़ की बात को लेकर फिर झगड़ा शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि संदीप ने आपा खो दिया और कंटेनर में ही रखी लोहे की रॉड से राममूर्ति के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए और गला दबाकर उसकी जान ले ली।

सीसीटीवी और सर्विलांस से पकड़ा गया कातिल

कंटेनर के भीतर खून से लथपथ लाश मिलने के बाद पुलिस के लिए यह एक ‘ब्लाइंड मर्डर’ केस था। डीसीपी उत्तरी के नेतृत्व में पुलिस ने 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली। आखिरकार पुलिस उस ई-रिक्शा तक पहुँच गई जिससे आरोपी आया था। 22 जनवरी की भोर में जब संदीप झाड़ियों में छिपाया हुआ हथियार (लोहे की रॉड) वापस लेने आया, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

Also Read: एटा में टोल प्लाजा के पास पकड़ा गया 40 लाख का गांजा, ट्रक में छिपाकर उड़ीसा से ला रहे थे दो तस्कर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.