लखनऊ के श्रमिकों को बड़ी सौगात, सरोजनी नगर ESI औषधालय में शुरू हुई पैथोलॉजी और फिजियोथेरेपी यूनिट

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव (श्रम एवं सेवायोजन), डॉ. एम.के. शन्मुगा सुन्दरम ने गुरुवार को लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) औषधालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीमित श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं का उद्घाटन करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने पर जोर दिया।

अब औषधालय में ही होंगी खून की जांचें

प्रमुख सचिव ने औषधालय में नवनिर्मित पैथोलॉजी लैब का उद्घाटन किया। अब तक जांच के लिए बाहर जाने वाले श्रमिकों को अब औषधालय में ही फुली ऑटोमेटिक एनालाइजर और बायोकेमिस्ट्री मशीनों के जरिए रक्त जांच की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही एक आधुनिक फिजियोथेरेपी यूनिट की भी शुरुआत की गई है। इस यूनिट में ट्रेडमिल, वैक्स बाथ और आईएफटी जैसी अत्याधुनिक मशीनें लगाई गई हैं, जो हड्डियों और नसों की समस्याओं से जूझ रहे मरीजों के लिए बेहद मददगार साबित होंगी।

मरीजों से सीधा संवाद और फीडबैक

निरीक्षण के दौरान डॉ. शन्मुगा सुन्दरम केवल कागजों तक सीमित नहीं रहे। उन्होंने ओपीडी और दवा वितरण कक्ष का जायजा लिया और वहां इलाज कराने आए श्रमिकों और उनके परिजनों से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों से पूछा “क्या आपको समय पर दवाएं मिल रही हैं?”, “कर्मचारियों का व्यवहार कैसा है?” और “जांच के लिए कितना इंतजार करना पड़ता है?” मरीजों से मिले फीडबैक के आधार पर उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि किसी भी लाभार्थी को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े।

लापरवाही पर कड़ी चेतावनी

प्रमुख सचिव ने औषधालय की व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत बताते हुए स्पष्ट किया कि श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, दवा स्टॉक की नियमित समीक्षा और डिजिटल रजिस्ट्रेशन को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर विशेष सचिव नीलेश कुमार सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि ‘आरोग्य शक्ति’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए श्रमिकों को सरकारी योजनाओं के प्रति अधिक से अधिक जागरूक किया जाए।

Also Read: SGPGI News: यूपी में पहली बार अत्याधुनिक तकनीक से युवक का सफल कॉक्लियर इम्प्लांट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.