हापुड़: एंटी-करप्शन टीम की कार्रवाई, 1 लाख की रिश्वत लेते जिला उद्यान विभाग का कर्मचारी गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भ्रष्टाचार मुक्त शासन के संकल्प को दोहराते हुए ‘भ्रष्टाचार निवारण संगठन’ (Anti-Corruption Organization) ने आज एक बड़ी कामयाबी हासिल की। मेरठ इकाई की टीम ने हापुड़ के जिला उद्यान विभाग में तैनात एक कर्मचारी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

लोन की फाइल के बदले मांगी थी मोटी रकम

मामला हापुड़ के बाबूगढ़ छावनी निवासी राहुल पाल से जुड़ा है। राहुल का ‘पाल मिल्क प्लांट’ है और वे अनुदान राशि से संबंधित अपने लोन की पत्रावली (फाइल) पास कराने के लिए विभाग के चक्कर काट रहे थे। आरोप है कि जिला उद्यान विभाग में कार्यरत आदेश गौतम (DRP) ने इस फाइल को आगे बढ़ाने के बदले में राहुल से अवैध धन की मांग की थी।

घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी

राहुल पाल ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन की मेरठ इकाई से की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद इंस्पेक्टर कैलाश चन्द्र के नेतृत्व में एक ट्रैप टीम तैयार की गई। शुक्रवार को जैसे ही आरोपी आदेश गौतम ने गढ़ रोड स्थित सीएचसी के सामने राहुल से 01 लाख रुपये लिए, पहले से तैयार टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

पकड़ा गया आरोपी आदेश गौतम न्यू सुभाष नगर (थाना हापुड़ देहात) का रहने वाला है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन की इस कार्रवाई से जिले के सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के सख्त निर्देशों के तहत यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। किसी भी सरकारी विभाग में जनता को परेशान करने वाले भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Also Read: कुशीनगर: आपात स्थितियों से निपटने के लिए ब्लैक आउट और एयर रेड मॉक ड्रिल आयोजन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.