कानपुर में 2 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, मुखर्जी विहार में निर्माणाधीन बिल्डिंग सील, 9 अवैध प्रोजेक्ट्स को नोटिस

Kanpur News: कानपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी (केडीए) ने शहर में अवैध निर्माण और कालोनियां बसाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जीरो टॉलरेंस का संदेश दिया है। प्राधिकरण ने एक ही दिन में अवैध प्लॉटिंग को जमींदोज किया, एक मल्टीस्टोरी भवन को सील किया और 9 अन्य अवैध प्रॉपर्टी डेवलपर्स को नोटिस जारी किए।

मैनावती मार्ग स्थित जागेश्वर मंदिर के सामने नंदू द्वारा विकसित की जा रही लगभग 2 बीघे (करीब 2.5 एकड़) की अवैध प्लॉटिंग को JCB मशीनों से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्य बिना किसी मानचित्र स्वीकृति के किया जा रहा था।

illegal construction demolition

मुखर्जी विहार के प्लॉट नंबर 04 पर एसपी गुप्ता द्वारा बनाए जा रहे बेसमेंट, ग्राउंड और दो मंजिला के भवन को सील कर दिया गया। यह निर्माण भी अधिनियम के तहत स्वीकृति के बिना था।

इसी कड़ी में प्राधिकरण की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों जैसे बैराज रोड, सिंहपुर, मंधना, बगदौधी आदि में फैले 9 अन्य अवैध निर्माण और प्लॉटिंग कार्यों को चिन्हित किया और उनके मालिकों को तत्काल जवाब देने के लिए नोटिस जारी किए। इनमें एक गेस्ट हाउस और कई बड़े प्लॉटिंग प्रोजेक्ट शामिल हैं।

illegal construction demolition

उपाध्यक्ष मदन सिंह गढ़वाल के निर्देश पर, विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह की अगुवाई में प्रवर्तन टीम ने यह ऑपरेशन किया। टीम में अभियंताओं, सुपरवाइजरों और बिटूर थाने के पर्याप्त पुलिस बल का सहयोग रहा।

केडीए के अधिकारियों के मुताबिक, ये सभी निर्माण उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम, 1973 का उल्लंघन कर रहे थे। इन डेवलपर्स के पास प्राधिकरण से मानचित्र पास कराने या निर्माण की अनुमति लेने के कोई दस्तावेज नहीं थे। ऐसे अवैध निर्माण शहर की मास्टर प्लान को बिगाड़ते हैं और बुनियादी सुविधाओं पर दबाव डालते हैं।

रिपोर्ट- चेतन गुप्ता

Also Read: IND Vs NZ 2nd T20I: पहले ही ओवर में इस भारतीय गेंदबाज ने लुटाए सबसे ज्यादा रन, बन गया अनचाहा रिकॉर्ड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.