तेजस्वी यादव सर्वसम्मति से चुने गए राजद के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, लालू यादव ने खुद सौंपा नियुक्ति पत्र

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी के एक निजी होटल में रविवार को हुई राष्ट्रीय जनता दल की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में एक ऐतिहासिक फैसला लिया गया। तेजस्वी यादव को सर्वसम्मति से आरजेडी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुन लिया गया है। 1997 में पार्टी की स्थापना के बाद यह पहली बार है जब लालू प्रसाद यादव के अलावा किसी और को अध्यक्ष स्तर की इतनी बड़ी जिम्मेदारी और शक्तियां दी गई हैं।

बैठक के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता भोला यादव ने तेजस्वी को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा। लालू प्रसाद यादव के निर्देश पर आए इस प्रस्ताव का वहां मौजूद राबड़ी देवी, मीसा भारती और कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने हाथ उठाकर पुरजोर समर्थन किया। पार्टी नेताओं का स्पष्ट मानना था कि तेजस्वी यादव ही बिहार और राजद का भविष्य हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, लालू प्रसाद यादव के खराब स्वास्थ्य को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। हालांकि लालू यादव राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे, लेकिन अब पार्टी के सभी बड़े नीतिगत फैसले लेने और संगठन को चलाने की पूरी शक्ति तेजस्वी यादव के पास होगी। तेजस्वी को उनकी नई जिम्मेदारी का सर्टिफिकेट खुद लालू यादव ने सौंपा।

सोशल मीडिया पर नई शुरुआत का संदेश

तेजस्वी की ताजपोशी के तुरंत बाद आरजेडी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इस फैसले की जानकारी साझा की। पार्टी ने इसे राजद में एक नए युग की शुरुआत करार दिया है। पिछले साल विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद से ही पार्टी के भीतर नेतृत्व परिवर्तन की मांग उठ रही थी, जिसे आज अमली जामा पहना दिया गया।

Also Read: Raebareli News: STF के हत्थे चढ़ा 50 हजार का इनामी जीतू, नाबालिग के अपहरण और गैंगरेप का है आरोपी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.