T20 World Cup 2026: बांग्लादेश विवाद में पाकिस्तान की भूमिका पर BCCI ने उठाए सवाल
Sandesh Wahak Digital Desk: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बांग्लादेश के बाहर होने के बाद उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस पूरे प्रकरण पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का सख्त बयान सामने आया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत ने बांग्लादेश टीम को सुरक्षा को लेकर हरसंभव आश्वासन दिया था, लेकिन अंतिम समय में पूरे टूर्नामेंट का कार्यक्रम बदलना संभव नहीं था। साथ ही उन्होंने पाकिस्तान पर बांग्लादेश को गुमराह करने का गंभीर आरोप भी लगाया।
राजीव शुक्ला ने पाकिस्तान की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह इस मामले में अनावश्यक रूप से दखल दे रहा है और खुद को बांग्लादेश का “हमदर्द” बताकर उसे उकसाने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने कहा, “पाकिस्तान इस पूरे मुद्दे में बेवजह कूद पड़ा है और बांग्लादेश को गलत दिशा में ले जा रहा है। पूरी दुनिया जानती है कि पाकिस्तान और बांग्लादेश का इतिहास कैसा रहा है, इसके बावजूद वह अब सहानुभूति दिखाने का नाटक कर रहा है।”
BCCI उपाध्यक्ष ने दोहराया कि भारत की ओर से बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए पूरी सुरक्षा का भरोसा दिया गया था।
उन्होंने कहा, “हम चाहते थे कि बांग्लादेश विश्व कप में हिस्सा ले, लेकिन जब उन्होंने खुद ही खेलने से इनकार कर दिया तो आखिरी समय में पूरे टूर्नामेंट का शेड्यूल बदलना बेहद मुश्किल हो गया। इसी वजह से आईसीसी को नियमों के तहत स्कॉटलैंड को शामिल करना पड़ा।”
गौरतलब है कि आईसीसी ने 24 जनवरी 2026 को आधिकारिक तौर पर घोषणा की थी कि बांग्लादेश की जगह अब स्कॉटलैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलेगा। यह फैसला तब लिया गया, जब बांग्लादेश सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टीम को भारत भेजने की अनुमति नहीं दी।
ICC ने इस मामले में लगभग तीन सप्ताह तक बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से बातचीत की थी। इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंस और प्रत्यक्ष बैठकों के जरिए सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं पर चर्चा हुई।
स्वतंत्र सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट और केंद्र व राज्य स्तर के सुरक्षा इंतजामों का भी आकलन किया गया, जिसमें भारत में किसी ठोस सुरक्षा खतरे की पुष्टि नहीं हुई।
इसके बावजूद तय समय सीमा के भीतर बीसीबी की ओर से स्पष्ट जवाब न मिलने पर आईसीसी ने नियमों के तहत स्कॉटलैंड को रिप्लेसमेंट टीम के रूप में शामिल करने का फैसला किया।
फिलहाल, स्कॉटलैंड टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में 14वें स्थान पर है और कई अन्य क्वालीफाइड टीमों से ऊपर काबिज है।
Also Read: रणजी ट्रॉफी फाइनल में बिहार का जलवा, 568 रन से दर्ज की रिकॉर्डतोड़ जीत

