ममता ने ED को हराया, बंगाल की जनता दीदी के साथ: अखिलेश यादव
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से कोलकाता में मुलाकात की। इस मुलाकात के जरिए अखिलेश यादव ने तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी पर अपना भरोसा जताया और बीजेपी को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने I-PAC मामले में ED की रेड को लेकर बीजेपी पर जमकर हमला बोला और कहा कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी की लड़ाई हार की लड़ाई है।
बीजेपी की राजनीति पर सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता दीदी के साथ है और बीजेपी देश की धर्मनिरपेक्षता के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि ममता बनर्जी ने ED को हरा दिया है और अब बीजेपी उसी का दर्द झेल रही है। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी अब तक पेन ड्राइव का दर्द नहीं भूल पाई है।
ED कार्रवाई और CM ममता की भूमिका
अखिलेश यादव ने दोहराया कि दीदी ने ईडी को हराया है और आगे भी बीजेपी को हराएंगी। उन्होंने कहा कि जब ईडी ने I-PAC प्रमुख प्रतीक जैन के घर और ऑफिस पर छापा मारा था, तब ममता बनर्जी खुद मौके पर पहुंचीं और पूरी मजबूती से खड़ी रहीं। उस दौरान राज्य पुलिस के डीजी राजीव कुमार और कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा भी उनके साथ मौजूद थे। ममता बनर्जी पर I-PAC ऑफिस से कागजात ईडी के हाथों से छीनने के आरोप लगे, लेकिन अखिलेश यादव ने इसे बीजेपी की साजिश बताया।
वहीं कोलकाता एयरपोर्ट से निकलने के बाद अखिलेश यादव ने पेन ड्राइव मामले पर बीजेपी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि बीजेपी आज भी उसी पेन ड्राइव के दर्द में है। उनके मुताबिक ED भी दीदी से हार गई और यही वजह है कि बीजेपी बार-बार इसी मुद्दे को उठाकर राजनीति कर रही है।
बंगाल से भाईचारे का संदेश
अखिलेश यादव ने कहा कि बंगाल से इंसानियत और भाईचारे का संदेश गया है और वहां हिंसा की राजनीति नहीं चलेगी। उन्होंने साफ कहा कि ED भी दीदी से हार गई है और बीजेपी यह हार स्वीकार नहीं कर पा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि बंगाल के लोग प्यार के गाने सुनते हैं, नफरत के नहीं और हम सब दीदी को पूरा समर्थन देंगे।
वहीं अखिलेश यादव ने SIR को असल में NRC करार दिया और कहा कि वोट चोरी की बातें लंबे समय से हो रही थीं, लेकिन दीदी ने डिजिटल वोट चोरी को रोक दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ED, सीबीआई और आईटी के सहारे बीजेपी ने महाराष्ट्र जीता है।
वोट कटने को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल
वहीं अखिलेश यादव बंगाल और उत्तर प्रदेश में SIR के दौरान वोटर लिस्ट में बदलाव को लेकर लगातार मुखर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल में 50 लाख से ज्यादा लोग ड्राफ्ट लिस्ट से बाहर हो गए हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में यह संख्या करोड़ों में है। अखिलेश यादव के मुताबिक अगर बंगाल में एक करोड़ वोटर हटाए गए हैं तो उत्तर प्रदेश में चार करोड़ हटाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उससे निष्पक्षता की उम्मीद की जाती है, लेकिन जहां-जहां बीजेपी हार रही है, वहां वोट काटने की साजिश की जा रही है। पश्चिम बंगाल भी इससे अलग नहीं है और बीजेपी इसी रास्ते से जीत हासिल करने की कोशिश कर रही है।
Also Read: America में तूफान से 29 की मौत, 6 लाख घरों की बिजली गुल

