अयोध्या पर पहला हक विनय कटियार का, बृजभूषण शरण सिंह ने बदला सुर
Ayodhya News: बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह ने साफ कर दिया है कि वह 2029 का लोकसभा चुनाव हर हाल में लड़ेंगे। हालांकि, अयोध्या सीट को लेकर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि इस सीट पर पहला हक फायरब्रांड नेता विनय कटियार का है और उन्हें ही वहां से चुनाव मैदान में उतरना चाहिए।
लोकसभा तो जाऊंगा, चाहे जैसे जाऊं
एक निजी चैनल से बातचीत के दौरान बृजभूषण सिंह ने अपने इरादे साफ कर दिए। उन्होंने कहा, मैंने पहले भी कहा था और आज फिर दोहरा रहा हूं कि मैं 2029 में चुनाव लड़ूंगा। मेरे खिलाफ जो षड्यंत्र हुआ, उसका जवाब देने के लिए मुझे एक बार फिर लोकसभा जाना है। रही बात सीट की, तो वह पार्टी तय करेगी कि मुझे कहां से चुनाव लड़ाना है।
हाल ही में अलग-अलग वर्गों के विधायकों और सांसदों के साथ हुई बैठकों का भी उन्होंने समर्थन किया। बृजभूषण ने कहा कि इन मुलाकातों में कुछ भी गलत नहीं है। केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी के बारे में उन्होंने कहा, पंकज और मैं 1991 में एक साथ पहली बार सांसद बने थे। हमारे पुराने और गहरे संबंध हैं। अगर उन्हें प्रदेश अध्यक्ष जैसी जिम्मेदारी मिलती है, तो निश्चित रूप से पार्टी को फायदा होगा।
परिवार की राजनीतिक ताकत और विचारधारा
बृजभूषण शरण सिंह ने अपनी पावर का अहसास कराते हुए कहा कि उनकी पूरी निष्ठा बीजेपी के साथ है। उन्होंने याद दिलाया कि उनका बेटा वर्तमान में सांसद है, दूसरा बेटा विधायक है, भतीजा ब्लॉक प्रमुख है और पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि दुनिया की कोई ताकत उन्हें चुनाव लड़ने से नहीं रोक सकती।
अक्सर चर्चा में रहने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अपने रिश्तों पर उन्होंने विराम लगाते हुए कहा कि उनके संबंध मुख्यमंत्री के साथ बेहद बेहतर हैं। वहीं यूजीसी (UGC) के नए नियमों पर उन्होंने फिलहाल कोई भी टिप्पणी करने से मना कर दिया।
Also Read: Varun Dhawan पर जुर्माने की खबर के बाद मुंबई मेट्रो ने हटाई पोस्ट

