बारामती विमान हादसे में जौनपुर की क्रू मेंबर पिंकी माली का भी निधन, साल भर पहले ही हुई थी शादी

Jaunpur News: बुधवार की सुबह बारामती के लिए काली सुबह साबित हुई। लैंडिंग के वक्त संतुलन बिगड़ने से एक विमान क्रैश हो गया, जिसमें सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में जान गंवाने वालों में महाराष्ट्र के दिग्गज नेता अजीत पवार के साथ फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली भी शामिल थीं। पिंकी जौनपुर के केराकत तहसील की रहने वाली थीं और विमान में बतौर क्रू मेंबर तैनात थीं।

हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान लैंडिंग की कोशिश कर रहा था, तभी अचानक वह अनियंत्रित होकर जमीन पर आ गिरा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते विमान आग का गोला बन गया। जब तक बचाव दल मौके पर पहुंचता, तब तक विमान में सवार सभी पांचों लोग दम तोड़ चुके थे।

जौनपुर के भैंसा गांव में पसरा सन्नाटा

पिंकी माली मूल रूप से जौनपुर के भैंसा गांव (केराकत) की रहने वाली थीं। उनके पिता शिव कुमार माली का परिवार सालों से मुंबई में रह रहा था, लेकिन गांव से उनका गहरा जुड़ाव था। जैसे ही पिंकी के चचेरे भाई शीतला प्रसाद माली को इस अनहोनी की खबर मिली, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव वाले पिंकी को एक ऐसी मिसाल के तौर पर याद कर रहे हैं, जिसने छोटे से गांव से निकलकर एविएशन सेक्टर में अपनी पहचान बनाई थी।

पिंकी की मौत की खबर ने लोगों की आंखें नम कर दी हैं, क्योंकि उनकी शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था। पिछले साल ही वह परिणय सूत्र में बंधी थीं और अपनी नई जिंदगी के सपने बुन रही थीं। एक साल के भीतर ही इस हादसे ने उनके परिवार और सुहाग पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया।

पूरे जिले में शोक की लहर

जौनपुर जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों ने पिंकी के निधन पर दुख जताया है। एक होनहार बेटी, जो आसमान की ऊंचाइयों को छू रही थी, उसका इस तरह जमीन पर खामोश हो जाना हर किसी को कचोट रहा है।

Also Read: अयोध्या पर पहला हक विनय कटियार का, बृजभूषण शरण सिंह ने बदला सुर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.