Lucknow News: युवक को मरा समझकर इंदिरा नहर में बहाया, गोसाईगंज पुलिस ने दबोचे 6 आरोपी

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्या के प्रयास के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने उन 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जिन्होंने रवि नाम के एक युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया और उसे मृत समझकर कार में लादकर इंदिरा नहर के बहते पानी में फेंक दिया था। गनीमत रही कि युवक की जान बच गई और फिलहाल वह पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

मरा हुआ समझकर नहर में फेंका

घटना 27 जनवरी की है, जब पीड़ित रवि के पिता सुनील कुमार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि कुछ दबंगों ने उनके बेटे पर जानलेवा हमला किया है। जांच में पता चला कि आरोपियों ने रवि के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियारों से कई वार किए। जब वह बेसुध हो गया, तो आरोपियों ने उसे मरा हुआ मान लिया और अपनी टोयोटा अर्बन क्रूजर कार में डालकर नहर में बहा दिया ताकि कोई सबूत न बचे।

पुलिस की फुर्ती: 24 घंटे में सभी दबोचे गए

मामले की गंभीरता को देखते हुए गोसाईगंज पुलिस ने जाल बिछाया और 24 घंटे के भीतर ही घटना में शामिल सभी 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के नाम अजीत कुमार, बृजेश उर्फ छोटू, रामसिंह, सौरभ वर्मा, विशाल यादव और प्रशांत यादव हैं। इनमें से कई आरोपियों का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है।

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई लग्जरी कार (UP32 QS 7757) को बरामद कर लिया है। पकड़े गए सभी आरोपी गोसाईगंज और सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने मुकदमे में सख्त धाराएं बढ़ाते हुए सभी को जेल भेज दिया है।

Also Read: लखनऊ में गूंजा हिंदुत्व का स्वर, लक्ष्मण बस्ती में भव्य हिंदू सम्मेलन संपन्न

Get real time updates directly on you device, subscribe now.