Amethi News: शातिर चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे, रायबरेली और अमेठी में दर्ज हैं 16 मुकदमे

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेठी जिले की जायस थाना पुलिस ने बहादुपुर मंडी में हुई चोरी की वारदात को महज एक दिन के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिस पर पहले से ही चोरी, मारपीट और धोखाधड़ी के करीब डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं।

क्या थी पूरी घटना?

जायस कस्बे के रहने वाले आशीष अग्रवाल की बहादुरपुर मंडी में ‘दुर्गाजी ट्रेडिंग कंपनी’ के नाम से आढ़त है। 25 जनवरी की रात करीब 9 बजे, आशीष अपनी दुकान के बाहर तख्त पर लोहे का गल्ला रखकर किसी काम से पास ही लगे कांटे (तौल मशीन) की तरफ गए थे। जब वे कुछ देर बाद लौटे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। गल्ले में रखे सारे रुपये, जरूरी विजिटिंग कार्ड्स और उनका आधार कार्ड गायब था। आशीष की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया ‘मस्ताना’ का बेटा

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत जायस पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने लतीफ उर्फ नफीस को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक पन्नी में 1,76,000 रुपये नकद, 24 विजिटिंग कार्ड और पीड़ित का आधार कार्ड बरामद हुआ।

मौका मिलते ही साफ कर दिया था हाथ

पूछताछ में आरोपी लतीफ ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह काफी देर से आढ़त पर नजर गड़ाए बैठा था। जैसे ही दुकानदार तख्त छोड़कर हटा, उसने फुर्ती से बक्सा खोला और सारा माल लेकर चंपत हो गया। जायस कोतवाल अमरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी एक पेशेवर अपराधी है, जिस पर रायबरेली और अमेठी के अलग-अलग थानों में 16 मुकदमे दर्ज हैं।

अमेठी दौरे पर रहेंगे गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष

जिले से जुड़ी एक अन्य अहम खबर में, उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल 29 जनवरी (गुरुवार) को अमेठी के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 10:30 बजे से जनपद की विभिन्न गौशालाओं का औचक निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा वे शहर में आयोजित अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। उनके दौरे को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Also Read: Amethi News: भाले सुल्तान, मुसाफिरखाना और मोहनगंज में बड़ी कार्रवाई, 5 वारंटी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.