Varanasi News: अविमुक्तेश्वरानंद का सरकार पर तीखा हमला, बोले- चोला साधुओं का है और काम राक्षसों वाले

Varanasi News: प्रयागराज की धरती पर संतों और पुलिस के बीच हुई भिड़ंत के बाद मामला शांत होने के बजाय और गर्माता जा रहा है। ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने मीडिया से बातचीत में सरकार और प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि आज कुछ लोग संतों का वेश धरकर सत्ता की गोद में बैठे हैं, जबकि उनके कृत्य राक्षसों जैसे हैं।

शंकराचार्य ने उन संतों पर तंज कसा जो इस विवाद में सरकार के पक्ष में खड़े हैं। उन्होंने कहा, संत कभी दो गुटों में नहीं बंट सकते। जो लोग संतों का चोला पहनकर घूम रहे हैं और जिन्हें संतों पर लाठी चलने से दर्द नहीं हो रहा, वे असली संत हैं ही नहीं। वे सिर्फ वेशधारी हैं। उन्होंने आगे कहा कि प्रयागराज में सिर्फ सन्यासियों पर नहीं, बल्कि गुरुकुल के बच्चों, साध्वियों और बुजुर्गों पर भी लाठियां बरसाई गईं, जो बेहद शर्मनाक है।

सरकार का नजरिया ब्राह्मण विरोधी

शंकराचार्य ने इस पूरे घटनाक्रम को ब्राह्मण विरोधी मानसिकता से जोड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि इतिहास में युद्धों के दौरान भी महिलाओं और बच्चों को बख्श दिया जाता था, लेकिन वर्तमान प्रशासन ने ब्राह्मण बच्चों तक को निशाना बनाया। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद किसी भी अधिकारी पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या सरकार अब ब्राह्मणों और सनातनी परंपराओं के खिलाफ काम कर रही है?

बनारस और अन्य धार्मिक स्थलों का जिक्र करते हुए शंकराचार्य ने कहा कि जिस तरह से प्राचीन मंदिरों और मूर्तियों को तोड़ा जा रहा है, वह औरंगजेब के दौर की याद दिलाता है। उन्होंने उन संतों को भी ललकारा जो सरकार की तुलना औरंगजेब से करने पर नाराज हो रहे हैं। शंकराचार्य ने पूछा, अगर आपको सरकार से इतना प्रेम है कि उनकी बुराई नहीं सुन सकते, तो क्या आपको अपने आराध्य, मूर्तियों और मंदिरों से प्रेम नहीं है? उनकी टूटती मूर्तियां देखकर आपका खून क्यों नहीं खौलता?

कालनेमी और राक्षसी कृत्य

सरकार के एक मंत्री द्वारा उन्हें कालनेमी कहे जाने पर शंकराचार्य ने कड़ा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मंत्री ने अपनी भड़ास निकालने के लिए यह शब्द कहा है, लेकिन आज असली कालनेमी वे हैं जो साधु का वेश बनाकर गायों, मंदिरों और ब्राह्मणों को नुकसान पहुँचा रहे हैं। यह सीधे तौर पर राक्षसी कृत्य है।

Also Read: लखनऊ के सैरपुर में अवैध असलहे के साथ युवक गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद, बाइक भी सीज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.