सोनभद्र में टोलकर्मियों का तांडव: महिला वकील को बाल पकड़कर घसीटा, सिर फोड़ा, लोढ़ी टोल पर मचा बवाल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में अभी टोलकर्मियों की दबंगई का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि अब सोनभद्र के लोढ़ी टोल प्लाजा से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां टोलकर्मियों ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघते हुए एक महिला वकील और उनके साथियों पर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वकीलों में भारी आक्रोश है।

क्या है पूरा मामला?

घटना रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी टोल प्लाजा की है। पीड़ित महिला अधिवक्ता ने बताया कि उनकी गाड़ी काफी देर से टोल की लाइन में खड़ी थी। जब उनके एक साथी ने देरी का कारण पूछा, तो टोलकर्मी भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे।

जब महिला वकील अपने साथी को बचाने पहुंचीं, तो टोलकर्मियों ने उन पर भी हमला बोल दिया। आरोप है कि टोलकर्मियों ने महिला वकील के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर घसीटा। अधिवक्ता चिल्लाती रहीं कि “मैं वकील हूं”, लेकिन दबंगों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। इस हिंसक झड़प में एक व्यक्ति का सिर फट गया है, जबकि एक अन्य महिला को गंभीर आंतरिक चोटें आई हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वकीलों का फूटा गुस्सा, अस्पताल छावनी में तब्दील

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता जिला अस्पताल पहुंच गए और टोलकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वकीलों का कहना है कि अगर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे।

रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने महिला अधिवक्ता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावर टोलकर्मियों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जा सके। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है।

Also Read: बजट 2026: यूपी की झोली में गिरे बड़े प्रोजेक्ट्स; हाई-स्पीड रेल से लेकर AI सिटी तक, जानें आपके लिए क्या है खास

Get real time updates directly on you device, subscribe now.