‘न बोर्ड परीक्षा, न जनगणना…चुनाव अपने तय समय पर ही होंगे’, UP पंचायत चुनाव पर राजभर का बड़ा अपडेट

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने साफ कर दिया है कि प्रदेश में पंचायत चुनाव तय समय पर ही कराए जाएंगे। विपक्ष की ओर से जनगणना और बोर्ड परीक्षाओं के बहाने चुनाव टालने की जो बातें कही जा रही थीं, राजभर ने उन्हें पूरी तरह से अफवाह करार दिया है। आजमगढ़ पहुंचे राजभर ने जोर देकर कहा कि सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग पूरी तरह तैयार हैं।

वोटर लिस्ट और मतपत्रों पर दिया बड़ा अपडेट

चुनावों की तैयारियों का ब्योरा देते हुए राजभर ने दो अहम जानकारियां साझा कीं। राजभर ने बताया कि मतपत्रों की छपाई का काम जोरों पर है और उन्हें जिला मुख्यालयों तक पहुंचाया जा रहा है। मतदाता सूची (Voter List) का काम अपने आखिरी चरण में है। आगामी 28 फरवरी तक इसका अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।

‘भ्रम फैला रहा है विपक्ष’

एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को लेकर हो रहे विवाद पर उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात काम में जुटे हैं। विपक्ष जानबूझकर भ्रम की स्थिति पैदा कर रहा है, जबकि 6 मार्च तक के सभी लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “लोग अपना-अपना अलाप रहे हैं, लेकिन आयोग और सरकार अपना काम मजबूती से कर रहे हैं।”

आरक्षण के मुद्दे पर सरकार का स्टैंड

पिछड़ों और दलितों के आरक्षण को लेकर उठ रहे सवालों पर राजभर ने भरोसा दिलाया कि सब कुछ नियमों के दायरे में होगा। हाईकोर्ट के आदेशानुसार आयोग का गठन किया जा रहा है। संवैधानिक नियमों के तहत ही आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा ताकि हर वर्ग को उसकी उचित हिस्सेदारी मिल सके।

ओम प्रकाश राजभर इन दिनों पूर्वांचल के जिलों का ताबड़तोड़ दौरा कर रहे हैं। वे अपने कार्यकर्ताओं को संदेश दे रहे हैं कि वे किसी भी समय चुनाव के लिए तैयार रहें। जिला मुख्यालयों पर मतपत्रों का पहुंचना इस बात का पुख्ता सबूत है कि चुनावी बिगुल कभी भी बज सकता है।

Also Read: सुरक्षा की चिंता या राजनीतिक टकराव? स्पीकर ने पीएम मोदी को सदन में आने से क्यों किया मना, जानिए मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.