यूपी के हर जिले में आवारा कुत्तों के लिए बनेंगे हाई-टेक डॉग शेल्टर होम, करोड़ों का बजट मंजूर
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में आवारा कुत्तों के हमलों से होने वाले हादसों को रोकने के लिए राज्य सरकार ने एक ठोस और वैज्ञानिक योजना पर काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अब प्रदेश के सभी नगर निगमों और जिला मुख्यालयों पर आधुनिक डॉग शेल्टर होम और एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) सेंटर बनाए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ पशु कल्याण के मानकों का पालन करना भी है।
करोड़ों का बजट और आधुनिक सुविधाएं
सरकार केवल शेल्टर होम ही नहीं बना रही, बल्कि उन्हें पूरी तरह सुविधाओं से लैस करने की योजना है। शासन को मिले प्रस्तावों के अनुसार एक शेल्टर होम के निर्माण पर लगभग 470 लाख से 531 लाख रुपये तक खर्च किए जाएंगे। इन सेंटरों की विस्तृत रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुकी है, जिसमें कुत्तों के रहने की क्षमता, उनके लिए चिकित्सा सुविधाएं, प्रशिक्षित स्टाफ, भोजन और स्वच्छता के कड़े इंतजाम शामिल हैं। प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर कई जिलों में जमीन भी चिन्हित कर ली है ताकि काम में देरी न हो।
प्रयागराज: तहसील सोरांव के ग्राम मऊर उपरहट में जमीन फाइनल हो चुकी है।
लखनऊ: नगर निगम की कार्यकारिणी से जमीन के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है।
अन्य जिले: ललितपुर में 12.182 हेक्टेयर, हरदोई में 0.2 हेक्टेयर, बुलंदशहर में 2000 वर्ग मीटर और फतेहपुर में 0.769 हेक्टेयर जमीन एबीसी सेंटर के लिए सुरक्षित कर ली गई है।

