Lucknow News: ANTF का बड़ा एक्शन, 86 लाख की हेरोइन के साथ बाराबंकी का तस्कर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ जारी अभियान के तहत एएनटीएफ (ANTF) यूनिट वाराणसी को शुक्रवार को एक बड़ी सफलता मिली। टीम ने लखनऊ के गोमती नगर विस्तार इलाके से एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से करीब 86 लाख रुपये कीमत की उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद हुई है।

चेकिंग के दौरान धरा गया तस्कर

6 फरवरी 2026 को एएनटीएफ की टीम लखनऊ के गोमती नगर विस्तार थाना क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान रामआसरेपुरवा से गीतापुरी चौराहे की तरफ श्याम मोटर्स के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 430 ग्राम हेरोइन मिली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत 86 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान

पकड़े गए तस्कर की पहचान 55 वर्षीय मो. खालीद के रूप में हुई है, जो बाराबंकी जिले के थाना सतरिक के अंतर्गत मंगरवाल (बैरोली मालिक) का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से हेरोइन के अलावा एक मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

जब पुलिस ने खालीद से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना पूरा ‘बिजनेस मॉडल’ उगल दिया। उसने बताया कि वह बाराबंकी के ही एक बड़े सप्लायर से थोक में सस्ता माल खरीदता है। इसके बाद वह लखनऊ और आसपास के इलाकों में भीड़भाड़ वाले चौराहों पर घूम-घूमकर इसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाता है। इन पुड़ियों को वह नशे के आदी युवाओं और ग्राहकों को ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाता है। खालीद आज भी इसी मकसद से माल की सप्लाई करने लखनऊ आया था, लेकिन ग्राहकों तक पहुंचने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

कानूनी कार्रवाई

लखनऊ के गोमती नगर विस्तार थाने में अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बाराबंकी में वह कौन सा शख्स है जो उसे इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स सप्लाई कर रहा था।

Also Read: सिद्धार्थनगर: डीएम की चौपाल में मौके पर समाधान, बोले- आयुष्मान कार्ड बनाने में लाएं तेजी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.