Barabanki News: महादेवा मेला में ड्यूटी के दौरान नशे में धुत बीच हाईवे पर गिरा सिपाही, राहगीरों ने बचाई जान
Barabanki News: महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बाराबंकी के प्रसिद्ध पौराणिक लोधेश्वर महादेव धाम (महादेवा) में श्रद्धा का सैलाब उमड़ा हुआ है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, लेकिन इसी बीच सोमवार रात एक सिपाही की भारी लापरवाही और अनुशासनहीनता ने पुलिस विभाग की छवि पर दाग लगा दिया। सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही शराब के नशे में इतना धुत हो गया कि वह लखनऊ-बहराइच हाईवे के बीचों-बीच ही गिर पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, सिपाही सुमित वर्मा को सुल्तानपुर जनपद से विशेष तौर पर महादेवा मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए बाराबंकी भेजा गया था। लेकिन सिपाही ने अपनी जिम्मेदारी और वर्दी की गरिमा को दरकिनार करते हुए जमकर शराब पी ली। हालत इतनी बिगड़ गई कि रामनगर थाना क्षेत्र के शुगर मिल के पास वह अपना संतुलन खो बैठा और सड़क पर ही गिर गया।
वर्दी पहने रक्षक को इस हाल में बीच सड़क पर लड़खड़ाते देख वहां से गुजर रहे लोग हैरान रह गए। हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों का आना-जाना लगा था, ऐसे में सिपाही की जान को खतरा देख स्थानीय लोगों और राहगीरों ने सक्रियता दिखाई। उन्होंने नशे में धुत सिपाही को किसी तरह उठाकर सड़क के किनारे सुरक्षित स्थान पर बैठाया।
लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस बल के बीच इस तरह की घटना विभागीय अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जहां एक ओर पूरी फोर्स यात्रियों की सुविधा के लिए रात-दिन एक किए हुए है, वहीं सुमित वर्मा की इस हरकत ने विभाग को कटघरे में खड़ा कर दिया है। स्थानीय पुलिस को इस मामले की पूरी जानकारी दे दी गई है और माना जा रहा है कि आरोपी सिपाही पर जल्द ही विभागीय गाज गिर सकती है।

