मेरठ: रिटायर्ड दारोगा ने पत्नी संग फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के गंगानगर थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड दारोगा और उनकी पत्नी के सुसाइड का मामला सामने आया है। रक्षापुरम कॉलोनी में रहने वाले रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर लल्लू सिंह और उनकी पत्नी के शव बुधवार सुबह उनके घर में फंदे से लटके मिले।

नौकरानी ने देखा खौफनाक मंजर

हर रोज की तरह सुबह जब घरेलू सहायिका रेखा काम करने के लिए घर पहुंची, तो उसे दरवाजे खुले मिले। जैसे ही वह सफाई के लिए अंदर दाखिल हुई, कमरे का नजारा देखकर उसकी चीख निकल गई। पंखे से लल्लू सिंह और उनकी पत्नी के शव लटक रहे थे। रेखा की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस की शुरुआती जांच

थाना प्रभारी अनूप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के मुताबिक, मामला पहली नजर में आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन घर के दरवाजे खुले मिलना और सुसाइड की वजह का स्पष्ट न होना कई सवाल भी खड़े कर रहा है। फिलहाल पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

परिवार से पूछताछ जारी

मृतक दंपति के दो बच्चे हैं। उनका बेटा संदीप एयरफोर्स से रिटायर्ड है और पास की ही एक कॉलोनी में रहता है, जबकि बेटी की शादी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि बच्चे अक्सर अपने माता-पिता से मिलने आया करते थे। पुलिस अब बच्चों से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या घर में कोई तनाव था या दंपति किसी परेशानी से गुजर रहे थे।

Also Read: शिक्षकों का हल्ला बोल: TET की अनिवार्यता के खिलाफ दिल्ली कूच की तैयारी, शिक्षक बोले- ‘हक के लिए संसद तक लड़ेंगे’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.