कानपुर में केडीए का ‘बुलडोजर एक्शन’, अहिरवा में 30 बीघे की अवैध प्लाटिंग जमींदोज

Sandesh Wahak Digital Desk: कानपुर में अवैध निर्माण और बिना नक्शा पास कराए कॉलोनी काटने वालों के खिलाफ प्रशासन का डंडा एक बार फिर चला है। केडीए (KDA) की इस सख्त कार्रवाई से भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाने के मिशन में जुटे कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। केडीए की प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने अहिरवा इलाके में धावा बोलकर लगभग 30 बीघे जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

बिना अनुमति के हो रहा था खेल

प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के कड़े निर्देशों के बाद यह कार्रवाई की गई। जानकारी के मुताबिक, अहिरवा में बिना किसी स्वीकृत मानचित्र (Map) के बड़े पैमाने पर जमीन की खरीद-फरोख्त और प्लाटिंग का काम चल रहा था। 20 बीघे में विकसित की जा रही अनधिकृत प्लाटिंग को बुलडोजर चलाकर हटा दिया गया। 10 बीघे के अन्य हिस्से में हो रहे अवैध निर्माण कार्यों को भी मिट्टी में मिला दिया गया।

मौके पर ही मिटा दिए गए निशान

प्रवर्तन जोन-4 के प्रभारी अधिकारी अतुल कुमार राय के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मौके पर बाउंड्री वॉल, सड़कों के निशान और प्लॉटों के सीमांकन को पूरी तरह खत्म कर दिया। इस दौरान अवर अभियंता अटल चतुर्वेदी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा ताकि कोई विरोध न हो सके।

‘नक्शा पास कराएं वरना कार्रवाई होगी’

प्राधिकरण ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि शहर में अनियोजित विकास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर कोई भी व्यक्ति या बिल्डर बिना केडीए से नक्शा पास कराए निर्माण कार्य या प्लाटिंग करता पाया गया, तो उस पर इसी तरह का कड़ा एक्शन लिया जाएगा। यह अभियान शहर के अन्य हिस्सों में भी जारी रहेगा।

Also Read: कुशीनगर में सरकारी योजनाओं का ‘महाकुंभ’, 22 फरवरी को लगेगा वृहद विधिक सेवा शिविर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.