T20 World Cup विवाद पर यू-टर्न, BCCI से रिश्ते सुधारने की कोशिश में बांग्लादेश

Sandesh Wahak Digital Desk: एशियाई क्रिकेट में बीते एक महीने से चला आ रहा विवाद अब धीरे-धीरे थमता नजर आ रहा है।

मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर करने के फैसले से शुरू हुआ विवाद बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने और फिर पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार तक जा पहुंचा था।

हालांकि, कई दौर की बातचीत और बैठकों के बाद हालात में बदलाव आया है। जहां भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर मंडरा रहा संकट खत्म हो गया है, वहीं बांग्लादेश को भी उसकी गलती पर ICC की ओर से राहत मिल गई है।

अब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की प्राथमिकता भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के साथ बिगड़े रिश्तों को सुधारना है, जिसे वह अपने भविष्य के लिए बेहद अहम मान रहा है।

T20 World Cup 2026

भारत-पाकिस्तान मैच बनेगा बातचीत का मंच

बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर किए जाने के बाद पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का फैसला लिया था।

इस विवाद को सुलझाने में बांग्लादेशी बोर्ड ने PCB और ICC के साथ अहम भूमिका निभाई, जिसके बाद भारत-पाकिस्तान मैच के आयोजन का रास्ता साफ हुआ। अब यही मुकाबला BCB और BCCI के बीच संवाद का मंच बनने जा रहा है।

बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान BCCI के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। ICC ने एशिया के पांच प्रमुख क्रिकेट बोर्डों के प्रतिनिधियों को इस मुकाबले के लिए आमंत्रित किया है, ताकि वे एक साथ बैठकर बातचीत कर सकें।

BCB अध्यक्ष का बयान

अमीनुल इस्लाम ने कहा कि ICC चाहती है कि सभी बोर्डों के प्रतिनिधि कोलंबो में होने वाले इस मैच को एक साथ देखें और आपसी मुद्दों पर चर्चा करें। उनके मुताबिक, यह BCB और BCCI के रिश्तों को फिर से पटरी पर लाने की दिशा में एक अहम कदम हो सकता है।

BCCI से रिश्ते BCB के लिए क्यों अहम

हाल ही में लाहौर में हुई PCB, ICC और BCB की बैठक में फैसला लिया गया कि बांग्लादेश को वर्ल्ड कप बहिष्कार के बदले किसी तरह की सजा नहीं दी जाएगी। इतना ही नहीं, BCB को उसका पूरा रेवेन्यू और एक अतिरिक्त ICC टूर्नामेंट भी देने का निर्णय लिया गया है।

इसके बावजूद BCB के लिए सबसे बड़ा मुद्दा BCCI के साथ संबंध सुधारना है। यदि पाकिस्तान की तरह भारत बांग्लादेश के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलना बंद करता है, तो इससे बांग्लादेश क्रिकेट को भारी नुकसान हो सकता है।

हालिया विवाद के चलते इस साल प्रस्तावित भारतीय टीम का बांग्लादेश दौरा भी फिलहाल अधर में लटका हुआ है।

Also Read: T20 World Cup 2026: विवादित पाक गेंदबाज उस्मान तारिक के समर्थन में उतरे अश्विन, सवाल उठाने वालों को दिया करारा जवाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.