सूडान के नील नदी में नाव पलटने से 15 की मौत, कई अब भी लापता
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तरी सूडान के नील नदी प्रांत में बुधवार को एक भीषण हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक पारंपरिक नाव बीच नदी में ऊंची लहरों की चपेट में आकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 15 लोगों की डूबने से मौत हो गई है। नाव में क्षमता से अधिक करीब 27 यात्री सवार थे।
एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक, यह नाव तैबा अल-खवाद और देइम अल-कराई गांवों के बीच नील नदी को पार कर रही थी। सफर के दौरान अचानक नदी में उठी ऊंची लहरों ने नाव का संतुलन बिगाड़ दिया और देखते ही देखते नाव पलट गई। हादसे की खबर मिलते ही नागरिक सुरक्षा (Civil Defense) की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से अब तक 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 4 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
डॉक्टर्स नेटवर्क ने जताई चिंता
सूडान डॉक्टर्स नेटवर्क ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए स्थानीय प्रशासन पर नाराजगी जताई है। संगठन ने कहा कि नदी परिवहन में सुरक्षा के बुनियादी मानकों (Safety Standards) की भारी कमी है। उन्होंने मांग की है कि लापता लोगों की तलाश के लिए आधुनिक रेस्क्यू उपकरण लगाए जाएं और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।

