यूक्रेन के रेलवे स्टेशन पर रूस का ड्रोन हमला, 13 लोगों की मौत, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Russia Drone Attack on Ukraine Train: यूक्रेन के अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार सुबह रूसी जेट-पावर्ड ड्रोन ने नीप्रो के मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म को निशाना बनाया। उस समय जापोरिजिया जाने वाली यात्री ट्रेन रवाना होने की तैयारी कर रही थी। हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हुए। मेडिकल और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद में जुट गईं।

हवाई हमले की चेतावनी के बावजूद प्लेटफॉर्म पर मौजूद थे यात्री

यूक्रेन रेलवे (Ukrainian Railways) ने सोशल मीडिया पर बताया कि हवाई हमले का अलर्ट जारी किया गया था और खतरा बढ़ने की चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान जेट इंजन से चलने वाले ड्रोन ने हमला कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, उस प्लेटफॉर्म पर ट्रेन संख्या 866 खड़ी थी, जो नीप्रो से जापोरिजिया जाने वाली थी।

निप्रॉपेट्रोव्स्क ओब्लास्ट के गवर्नर ओलेक्सांद्र हंझा ने गुरुवार सुबह 11:29 बजे बताया कि मेडिकल टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। हमले (Russia Drone Attack on Ukraine Train) के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।

जेलेंस्की ने की रूस की निंदा, नए प्रतिबंधों की मांग

यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की (Volodymyr Zelenskyy) ने हमले को भयावह बताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि रूस ने उस प्लेटफॉर्म पर ड्रोन हमला किया, जहां एक नियमित कम्यूटर ट्रेन और एक यात्री ट्रेन खड़ी थीं।

जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि कुछ रूसी उद्योगपतियों और रूस के ऊर्जा क्षेत्र पर प्रतिबंधों में ढील दिए जाने के बाद भी हमले जारी हैं। उन्होंने अमेरिका, यूरोपीय संघ (EU) और G7 देशों से रूस के खिलाफ नए और सख्त प्रतिबंध लगाने की मांग की। उनका कहना है कि जब तक रूस का युद्ध जारी है, तब तक मॉस्को और उसकी युद्ध मशीन पर लगे प्रतिबंधों में ढील नहीं दी जानी चाहिए।

Also Read: स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर से 68 मौतें, PM सांचेज ने 3 दिन के राष्ट्रीय शोक का किया ऐलान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.