किरेन रिजिजू ने वीडियो जारी कर लगाया आरोप, लोकसभा स्पीकर के चैंबर में घुसकर कांग्रेस सांसदों ने दी गालियां

Sandesh Wahak Digital Desk: संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए एक सनसनीखेज दावा किया है। रिजिजू के अनुसार, कांग्रेस के करीब 20-25 सांसद जबरन लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में घुस गए और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह सब प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में हुआ।

किरेन रिजिजू ने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि कांग्रेस सांसदों ने न केवल स्पीकर को अपशब्द कहे, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी खुली धमकी दी। उन्होंने बताया, सांसदों ने कथित तौर पर कहा कि जब प्रधानमंत्री सदन में बोलने आएंगे, तब देखिएगा हम क्या करते हैं। रिजिजू ने कहा कि उनके द्वारा साझा किया गया वीडियो खुद एक कांग्रेस सांसद ने गैर-कानूनी तरीके से रिकॉर्ड किया था, जिससे उनकी करतूत सामने आ गई है।

राहुल गांधी और कांग्रेस की सोच पर उठाए सवाल

रिजिजू ने अपने वीडियो संदेश में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, हमें राहुल गांधी से किसी सुधार की उम्मीद नहीं है। कांग्रेस की सोच पूरी तरह बिखर चुकी है। नेता प्रतिपक्ष होने के नाते हम बस यही आशा कर सकते हैं कि वे अपने व्यवहार में कुछ सुधार लाएंगे।

सदन के भीतर महिला सांसदों द्वारा प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंच जाने वाली घटना का जिक्र करते हुए रिजिजू ने कहा कि NDA के सांसदों ने बहुत सहनशीलता दिखाई है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, अगर हम अपने सांसदों को खुली छूट दे देते, तो संसद के भीतर स्थिति बेकाबू हो सकती थी, लेकिन हमारी पार्टी चर्चा और मर्यादा में विश्वास रखती है।

Also Read: Deoria News: पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर गुपचुप तरीके से देवरिया जेल से रिहा, धोखधड़ी के आरोप में थे बंद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.