सदन में गरजे सीएम योगी, उपद्रव से उत्सव तक पहुँचा यूपी, बोले- गुंडों को संरक्षण देने वाले अब कर रहे सनातन की बात
Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। सीएम ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सपा सदस्यों का व्यवहार न केवल अशोभनीय था, बल्कि उनके उसी पुराने आचरण की याद दिलाता है जिससे कभी व्यापारी और आम जनता थर-थर कांपती थी।
विपक्ष पर सीधा प्रहार, 2017 से पहले गुंडे चलाते थे सरकार
मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग आज सनातन की दुहाई दे रहे हैं, उनके समय में माफिया समानांतर सरकार चलाते थे। उन्होंने कहा, 2017 से पहले कानून चंद लोगों की जागीर था। पर्व और त्योहार खुशियों के नहीं बल्कि ‘आशंका’ के पर्याय बन गए थे क्योंकि कब दंगा हो जाए, कोई नहीं जानता था। उस दौर में न बेटियां सुरक्षित थीं और न ही व्यापारी। सीएम योगी ने पिछले 9 वर्षों की उपलब्धियां गिनाते हुए इसे एक ऐतिहासिक यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि यूपी अब ‘बीमारू राज्य’ की श्रेणी से बाहर निकलकर देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है।
Triple-T का मंत्र: यूपी अब टेक्नोलॉजी (Technology), ट्रस्ट (Trust) और ट्रांसफॉर्मेशन (Transformation) के पथ पर अग्रसर है। नीति आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए सीएम ने बताया कि प्रदेश के 6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की कार्यशैली को स्पष्ट करते हुए कहा, यह सत्ता प्राप्ति की होड़ नहीं, बल्कि सेवा का संकल्प है। हमारी यात्रा ‘कर्फ्यू से कानून व्यवस्था’, ‘उपद्रव से उत्सव’ और ‘समस्या से समाधान’ तक की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राशन, स्वास्थ्य और पेंशन जैसी सुविधाएं न केवल जारी रहेंगी, बल्कि उनका और विस्तार किया जाएगा।
कानून व्यवस्था पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि आज पुलिस का मनोबल ऊंचा है। रिकॉर्ड भर्तियां, महिला सशक्तिकरण के अभियान और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति ने यूपी को निवेश के लिए सबसे सुरक्षित प्रदेश बना दिया है।
Also Read: Bareilly News: अलंकार अग्निहोत्री ने नई सनातनी पार्टी बनाने का किया ऐलान

