राजकोट में रेलवे पुल से टकराकर कार के हुए दो टुकड़े, तीन दोस्तों की मौत, एक गंभीर

Sandesh Wahak Digital Desk: गुजरात के जेतपुर शहर में रविवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। जूनागढ़ में महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित भावनाथ मेले से लौट रहे चार दोस्तों की कार जेतलसर जंक्शन रेलवे ब्रिज पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार रेलवे पुल की दीवार से टकराने के बाद दो हिस्सों में बंट गई और सड़क के अलग-अलग किनारों पर जा गिरी।

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, कार काफी तेज रफ्तार में थी। रेलवे पुल पार करते समय चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे पुल के कंक्रीट ढांचे से जा टकराई। इस टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए। हादसे के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन दो टुकड़ों में तब्दील हो गया।

तीन घरों के चिराग बुझे

इस भीषण हादसे में तीन युवाओं ने अपनी जान गंवा दी। हादसे में रायडी गांव की रहने वाली मुस्कान बगड़ा (21) और नवागढ़ निवासी अरुण वाला (20) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं जयदीप चौहान को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। चौथे युवक अमित परमार की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है और जूनागढ़ के एक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुँचे। सड़क पर बिखरे कार के हिस्सों को हटाने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी। हादसे के कारण जेतलसर जंक्शन रेलवे ब्रिज पर काफी देर तक जाम लगा रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।

Also Read: लखनऊ में फिल्मी स्टाइल में सिपाही की गिरफ्तारी, 24 साल पुराने केस में राजस्थान पुलिस ने दबोचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.