Amroha News: जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप
Amroha News: उत्तर प्रदेश की कई अदालतों को पिछले दिनों मिली धमकियों के बाद सोमवार को अमरोहा जनपद न्यायालय को भी बम से उड़ाने की धमकी का ईमेल भेजा गया। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद जिला जज ने बार एसोसिएशन जनपद अमरोहा के अध्यक्ष को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पूरे न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं।
न्यायालय परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा
धमकी मिलने के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया। जनपद न्यायालय में व्यापक स्तर पर चेकिंग शुरू कर दी गई। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने न्यायालय परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया। बार एसोसिएशन जनपद अमरोहा के अध्यक्ष सलीम खान एडवोकेट के अनुसार अमरोहा जिला जज को यह ईमेल करीब सुबह 8 बजकर 38 मिनट पर प्राप्त हुआ।
धमकी देने वालों ने ईमेल में दावा किया कि कोर्ट में जज के चैंबर में 12 आरडीएक्स यानी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस लगाए गए हैं। ईमेल में तमिलनाडु में ईडब्ल्यूएस रिजर्वेशन लागू होने से रोकने की बात भी कही गई। इस धमकी की जिम्मेदारी लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम और पाकिस्तान आईएसआई द्वारा लेने की बात ईमेल में लिखी गई। धमकी देने वालों ने सोमवार दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर न्यायालय में ब्लास्ट होने की बात कही।
जिला जज ने की सुरक्षा सहयोग की अपील
धमकी मिलने के बाद जिला जज ने बार एसोसिएशन जनपद अमरोहा से न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में सुरक्षा कर्मियों का सहयोग करने की अपील की। पूरे न्यायालय परिसर में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश और सुरक्षा जांच तेज कर दी गई।
वहीं इससे पहले उत्तर प्रदेश के कई जिलों में न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। इनमें लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या और मेरठ शामिल हैं, जिसके बाद से प्रदेश भर में अदालतों की सुरक्षा व्यवस्था पहले से ज्यादा कड़ी कर दी गई है।
पुलिस का दावा, पूरी तरह अलर्ट है सुरक्षा तंत्र
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदोरिया ने बताया कि पुलिस पूरी तरह अलर्ट है और डॉग स्क्वॉड तथा बम पहचान एवं निरोधक दस्ते की मदद से कचहरी परिसर और न्यायालयों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
Also Read: भिवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में ब्लास्ट, 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत

