UP में सियासी घमासान: ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के लिए आज विधानसभा घेरेगी कांग्रेस, अजय राय के नेतृत्व में कूच

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी आज (मंगलवार) प्रदेश की राजधानी में योगी सरकार के खिलाफ बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा का घेराव करेंगे। हालांकि, इस प्रदर्शन को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है और कई जिलों में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों को हिरासत में लिए जाने की खबरें सामने आ रही हैं।

मनरेगा के मुद्दे पर आर-पार की जंग

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में यह घेराव कार्यक्रम सुबह करीब 11 बजे मालवीय मार्ग स्थित प्रदेश मुख्यालय से शुरू होगा। मनरेगा बजट में कटौती, श्रमिकों के बकाया भुगतान और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के संकट को लेकर सरकार को घेरना। प्रदेश भर से कार्यकर्ताओं को लखनऊ बुलाया गया है, जहाँ से वे जुलूस के रूप में विधानसभा की ओर मार्च करेंगे।

पुलिस का सख्त पहरा: कई नेता ‘हाउस अरेस्ट’

कांग्रेस का आरोप है कि प्रदर्शन को विफल करने के लिए पुलिस प्रशासन दमनकारी नीतियां अपना रहा है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि विभिन्न जिलों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और जिलाध्यक्षों को हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर लिया गया है या उन्हें लखनऊ आने से रोका जा रहा है।

लखनऊ पुलिस ने विधानसभा के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है ताकि प्रदर्शनकारियों को विधानसभा मार्ग तक पहुँचने से रोका जा सके।

ऐतिहासिक पृष्ठभूमि

उल्लेखनीय है कि इससे पहले 18 दिसंबर 2024 को भी अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस ने विधानसभा का जोरदार घेराव किया था, जिसमें लाठीचार्ज और कई नेताओं की गिरफ्तारी हुई थी। अब एक बार फिर कांग्रेस उसी आक्रामक तेवर में सड़क पर उतरने की तैयारी में है।

Also Read: UP स्वास्थ्य विभाग में बड़ा नियुक्ति घोटाला, सीएम योगी ने दिए जांच के आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.