The Kerala Story 2 Goes Beyond का ट्रेलर रिलीज, पहले पार्ट से ज्यादा खतरनाक कहानी का दावा
Sandesh Wahak Digital Desk: विपुल शाह के प्रोडक्शन और उनके बैनर सनशाइन पिक्चर्स के तहत बनी फिल्म द केरल स्टोरी 2 गोज बियॉन्ड (The Kerala Story 2 Goes Beyond) का ट्रेलर रिलीज हो गया है। यह साल 2023 में आई The Kerala Story का सीक्वल है। बताया जा रहा है कि फिल्म का दूसरा पार्ट पहले पार्ट से ज्यादा खतरनाक और हैरान करने वाला होने वाला है, जिसमें धर्म परिवर्तन से जुड़ी कहानी दिखाई गई है। इस फिल्म में अदिति भाटिया, ऐश्वर्या ओझा और उल्का गुप्ता नजर आई हैं।
दिखाई गई चौंकाने वाली चेतावनी
फिल्म The Kerala Story 2 Goes Beyond का ट्रेलर एक चौंकाने वाली वॉर्निंग के साथ शुरू होता है, जिसमें कहा जाता है कि अगले 25 सालों में भारत एक इस्लामिक स्टेट बन सकता है और पूरे देश में शरिया लागू हो सकता है। इसके बाद कहानी राजस्थान की ओर बढ़ती है, जहां एक परेशान हिंदू परिवार पुलिस स्टेशन में पोक्सो एक्ट के तहत शिकायत दर्ज कराने पहुंचता है। परिवार का कहना है कि उनकी 16 साल की बेटी का जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया है। वहीं दूसरी तरफ माता पिता बेबस होकर रोते हुए नजर आते हैं।
अलग-अलग राज्यों की घटनाओं का जोड़
दरअसल The Kerala Story 2 Goes Beyond के ट्रेलर में आगे मध्य प्रदेश की कहानी दिखाई जाती है, जहां एक लड़की को धोखे से शादी के जाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन कराया जाता है। इसके बाद तीसरी लड़की अपने बॉयफ्रेंड के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने को तैयार होती है, लेकिन वह साफ कहती है कि वह धर्म नहीं बदलेगी। शुरुआत में उसका बॉयफ्रेंड उसे भरोसा दिलाता है, लेकिन बाद में कहानी पूरी तरह बदल जाती है और तीनों लड़कियों का भरोसा टूटता हुआ दिखाया गया है।
ट्रेलर में तीनों लड़कियों की अपने मुस्लिम पार्टनर के साथ टकराव, झगड़े और तनाव भरे सीन दिखाए गए हैं। इसके बाद उन्हें धर्म बदलने और बीफ खाने के लिए मजबूर किए जाने के दृश्य भी दिखाए गए हैं। ट्रेलर के कई सीन काफी इमोशनल और शॉकिंग दिखाए गए हैं। ट्रेलर रिलीज होने के बाद दर्शक भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है।
इस दिन सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
दरअसल The Kerala Story 2 Goes Beyond फिल्म का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह ने किया है। फिल्म की कहानी तीन हिंदू लड़कियों के इर्द गिर्द घूमती है। यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
बता दें कि साल 2023 में रिलीज हुई द केरल स्टोरी में अदा शर्मा नजर आई थीं और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था। हालांकि उस समय फिल्म को देश के कई राज्यों में विरोध का सामना भी करना पड़ा था।
Also Read: तारिक रहमान ने ली प्रधानमंत्री पद की शपथ, 25 कैबिनेट और 24 राज्य मंत्रियों के साथ नई टीम तैयार

