अगले 10-15 दिनों में ईरान पर हमला कर सकता है अमेरिका, ट्रंप ने दी चेतावनी

Sandesh Wahak Digital Desk: दुनिया की नजरें इस वक्त वॉशिंगटन और तेहरान पर टिकी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ संकेत दिए हैं कि वह ईरान को परमाणु समझौते (Nuclear Deal) के लिए मजबूर करने के लिए लिमिटेड मिलिट्री स्ट्राइक यानी सीमित सैन्य हमला कर सकते हैं। अमेरिकी प्रशासन की तैयारियों को देखकर लग रहा है कि यह केवल चेतावनी नहीं बल्कि युद्ध की पूरी तैयारी है।

‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप का मकसद ईरान के साथ बड़े पैमाने पर युद्ध छेड़ना नहीं, बल्कि उसे अपनी शर्तों पर बातचीत की मेज पर लाना है। शुरुआती प्लान के तहत ईरान के कुछ सैन्य ठिकानों या सरकारी जगहों को निशाना बनाया जा सकता है। ट्रंप ने कहा है कि ईरान को अगले 10 से 15 दिनों में पता चल जाएगा कि अमेरिका क्या करने वाला है। उन्होंने दो टूक कहा, हम या तो डील करेंगे, या फिर किसी और तरीके से मामला सुलझाएंगे।

पेंटागन की तैयारी, समंदर में बढ़ी हलचल

खबरें हैं कि अमेरिकी रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) मिडिल ईस्ट में अपनी ताकत बढ़ा रहा है। विशालकाय एयरक्राफ्ट कैरियर यूएसएस गेराल्ड आर. फोर्ड अपने युद्धपोतों के साथ ईरान के करीब पहुँच रहा है। माना जा रहा है कि मार्च के मध्य तक अमेरिकी सेना इस इलाके में पूरी तरह तैनात हो जाएगी, जिससे लंबी जंग की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

अमेरिका की धमकियों के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई ने भी सख्त तेवर दिखाए हैं। उन्होंने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि उनकी सेना अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर को समुद्र की गहराई में भेजने की ताकत रखती है। खामेनेई ने कहा कि अगर हमला हुआ, तो वे अमेरिकी सेना को ऐसी चोट देंगे कि वह दोबारा उठ नहीं पाएगी।

इजरायल का साथ और बढ़ता जोखिम

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर युद्ध होता है, तो इजरायल अमेरिका का खुलकर साथ देगा। इजरायल में अमेरिका के पूर्व राजदूत डैनियल बी. शापिरो के अनुसार, अमेरिका और इजरायल मिलकर ईरान को भारी नुकसान पहुँचा सकते हैं, लेकिन यह लड़ाई साफ-सुथरी या जल्दी खत्म होने वाली नहीं होगी। ईरान के पास भी पलटवार करने की पूरी क्षमता है, जो मिडिल ईस्ट में तबाही ला सकती है।

Also Read: सुल्तानपुर कोर्ट में राहुल गांधी की पेशी आज, अमित शाह पर टिप्पणी मामले में कोर्ट ने दिया अंतिम मौका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.