Banda News: बच्चों के यौन शोषण और अश्लील वीडियो बनाने वाले JE और उसकी पत्नी को फांसी की सजा

Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा की विशेष पाक्सो (POCSO) अदालत ने शुक्रवार को एक बेहद संवेदनशील और वीभत्स मामले में अपना फैसला सुनाया। चित्रकूट में तैनात रहे पूर्व जूनियर इंजीनियर (JE) रामभवन और उसकी पत्नी दुर्गावती को सैकड़ों बच्चों के यौन शोषण और उनके अश्लील वीडियो बनाकर इंटरनेट पर वायरल करने के जुर्म में मौत की सजा (फांसी) सुनाई गई है।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच सीबीआई (CBI) को सौंपी गई थी। अक्टूबर 2020 में सीबीआई की टीम ने रामभवन और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान जो सबूत मिले, वे किसी के भी होश उड़ाने के लिए काफी थे।

779 बच्चों की तस्वीरें: सीबीआई ने एक पेनड्राइव बरामद की थी, जिसमें 779 मासूम बच्चों की अश्लील तस्वीरें और वीडियो मौजूद थे।

सीधे तौर पर शोषण: गहन जांच में सामने आया कि आरोपी जेई ने कम से कम 34 बच्चों का सीधे तौर पर यौन शोषण किया था।

पत्नी का साथ: जेई की पत्नी दुर्गावती न केवल इन अपराधों में शामिल थी, बल्कि वह इन अश्लील वीडियो को इंटरनेट पर फैलाने और बच्चों को डराने-धमकाने में भी पति का साथ देती थी।

5 साल बाद मिला पीड़ितों को न्याय

रामभवन चित्रकूट में सिंचाई विभाग में तैनात था। वह अपने सरकारी पद और रसूख का इस्तेमाल कर गरीब और भोले-भाले बच्चों को बहला-फुसलाकर शिकार बनाता था। गिरफ्तारी के बाद से ही वह जेल में था। विशेष न्यायाधीश ने शुक्रवार शाम करीब 5 साल तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद दोनों आरोपियों को समाज के लिए कलंक मानते हुए फांसी की सजा सुनाई।

अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि बच्चों के साथ इस तरह का जघन्य अपराध न केवल अमानवीय है, बल्कि यह समाज की जड़ों को खोखला करने वाला कृत्य है। ऐसे अपराधियों के लिए फांसी से कम कोई सजा नहीं हो सकती।

Also Read: सीएम योगी ने शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय में बढ़ोतरी का किया ऐलान, अब मिलेगी इतनी सैलरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.