धमकी भरे मेल के बाद वजीरगंज पुलिस का एक्शन, लखनऊ कचहरी के पास से पिस्टल और कारतूस के साथ 2 गिरफ्तार

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के वजीरगंज थाना क्षेत्र स्थित पुराने हाई कोर्ट परिसर में पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को दबोचा है। इनके पास से लोडेड पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब कचहरी परिसर को मिली एक धमकी के बाद पुलिस हाई अलर्ट पर थी।

हाल ही में न्यायालय परिसर को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था। इसके बाद पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया था। गुरुवार शाम को वजीरगंज पुलिस, बीडीएस (BDS) टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ मिलकर गेट नंबर-8ए पर सघन तलाशी अभियान चला रही थी।

शाम करीब 4:45 बजे पुलिस टीम ने दो व्यक्तियों को संदिग्ध लगने पर रोका। जब उनकी तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। पहले व्यक्ति के पास से एक .32 बोर की पिस्टल और मैगजीन में लगे 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए। जबकि दूसरे की जेब से भी 2 जिंदा कारतूस मिले। जब पुलिस ने इन हथियारों के लाइसेंस या कागजात मांगे, तो दोनों आरोपी बगले झांकने लगे। वैध दस्तावेज न होने पर पुलिस ने तुरंत दोनों को हिरासत में ले लिया।

कौन हैं गिरफ्तार आरोपी

पकड़े गए आरोपियों की पहचान लखनऊ के ही स्थानीय निवासियों के रूप में हुई है।

लालचन्द्र कजानी (50 वर्ष): निवासी अमन विहार, ठाकुरगंज।

भानु प्रताप यादव (40 वर्ष): निवासी राजाजीपुरम, तालकटोरा।

प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, राकेश सिंह और उदयवीर सिंह सहित पूरी टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। वजीरगंज पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट (धारा 3/25) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब उनसे यह पूछताछ की जा रही है कि वे हथियार लेकर न्यायालय परिसर में किस इरादे से आए थे।

Also Read: दिल्ली शराब घोटाला: अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को बड़ी राहत, कोर्ट ने सभी आरोपों से किया मुक्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.