Arvind Kejriwal के बरी होने पर BJP का हमला, बोले- ये तकनीकी मामला

Sandesh Wahak Digital Desk: कथित शराब नीति घोटाले मामले में कोर्ट द्वारा दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री Arvind Kejriwal और पूर्व उपमुख्यमंत्री Manish Sisodia समेत 23 लोगों को बरी किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी में जश्न का माहौल है। फैसले के बाद भावुक हुए केजरीवाल ने इसे आजाद भारत के इतिहास की सबसे बड़ी राजनीतिक साजिश बताया। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने इस फैसले को तकनीकी मामला करार देते हुए कहा कि पार्टी विस्तृत आदेश पढ़ने के बाद ही औपचारिक प्रतिक्रिया देगी।

BJP ने फैसले को बताया तकनीकी विषय

केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को बरी किए जाने पर बीजेपी नेता Sudhanshu Trivedi ने कहा कि कोर्ट ने सबूतों के अभाव में उन्हें बरी किया है और यह एक तकनीकी विषय है। उन्होंने कहा कि यह भी सही है कि सैकड़ों की संख्या में सिम कार्ड और फोन सबूत के रूप में नष्ट किए गए थे। अब वे किस भाव से नष्ट किए गए, इस कारण सबूतों का क्या अभाव हुआ, इस पर सीबीआई अगला कदम उठाएगी और अपना पक्ष रखेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि अगर सबूत बिल्कुल भी नहीं थे तो कोर्ट ने चार्ज फ्रेम करने की अनुमति कैसे दे दी। उनके अनुसार सीबीआई इस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी और पार्टी फैसले को विस्तार से पढ़ने के बाद संरचित जवाब देगी।

Arvind Kejriwal का भावुक बयान

वहीं फैसले के बाद भावुक हुए अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला आजाद भारत के इतिहास में सबसे बड़ी राजनीतिक साजिश थी। उन्होंने कहा कि आज कोर्ट ने उन पर लगे सभी आरोप खारिज कर दिए और सभी आरोपियों को बरी कर दिया। उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि सत्य की जीत हुई है।

BJP नेताओं की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं

वहीं कोर्ट के फैसले पर बीजेपी प्रवक्ता RP Singh ने कहा कि अभी एक अदालत से राहत मिली है। जैसे इन लोगों को हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट जाने का अधिकार था, वैसे ही सीबीआई को भी आगे जाने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि यह कोई एकमात्र भ्रष्टाचार का मामला नहीं है। सीएजी रिपोर्ट में सड़कों, स्कूलों और अस्पतालों से जुड़े मामलों में भी घोटाले का उल्लेख है और उन पर भी केस चलेंगे।

वहीं पटना में बीजेपी सांसद Rajiv Pratap Rudy ने कहा कि यह अदालत का फैसला है और यदि कोई पीड़ित हो और कोर्ट उसे बरी करे तो उस पर राजनीतिक टिप्पणी की आवश्यकता नहीं है।

वहीं बीजेपी सांसद Sanjay Jaiswal ने कहा कि सभी जानते हैं कि अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और मनीष सिसोदिया इस घोटाले के जनक थे। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की जनता जानती है कि शराब घोटाले के जनक केजरीवाल थे और जिन लोगों को पकड़ा गया है, उनकी भी गवाही होगी। उनके अनुसार सभी जानते हैं कि ये लोग इस घोटाले के मास्टरमाइंड थे। वहीं कोर्ट के फैसले के बाद फिलहाल राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर सियासी माहौल और गरमाने के संकेत मिल रहे हैं।

 

Also Read: भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारी के बहुत हाथ-पैर होते हैं, मनोज तिवारी ने बोला Arvind Kejriwal पर हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.