Kanpur News: थार सवार दबंगों ने हॉर्न बजाने पर दंपति को बीच सड़क पीटा, पति के कपड़े फाड़े और पत्नी को दी गैंगरेप की धमकी

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में सड़क पर गुंडागर्दी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। शनिवार रात करीब 10:30 बजे स्वरूप नगर इलाके में थार सवार कुछ युवकों ने एक दंपति के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि सरेराह महिला की अस्मत से खिलवाड़ करने की कोशिश और भद्दी धमकियां भी दीं।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित दंपति अपनी कार से अशोक नगर (मायके) से तिलक नगर स्थित अपने घर जा रहे थे। रास्ते में बदनाम बिरयानी के पास बीच सड़क पर एक थार गाड़ी खड़ी थी। रास्ता ब्लॉक होने के कारण जब कार सवार युवक ने हॉर्न बजाया, तो थार सवारों को यह बात इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने पहले गाड़ी थोड़ी आगे बढ़ाई और फिर जानबूझकर तेजी से बैक करते हुए दंपति की कार में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर मारने के बाद थार से उतरे दबंगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने कार सवार युवक को खींचकर बाहर निकाला और लात-घूंसों से इतनी बेरहमी से पीटा कि उसके कपड़े तक फट गए। जब पत्नी अपने पति को बचाने के लिए दौड़ी, तो दरिंदों ने उसके साथ बैड टच (अश्लील हरकत) किया और उसे सामूहिक दुष्कर्म की धमकी दे डाली। हैरान करने वाली बात यह रही कि शहर के इतने व्यस्त और पॉश इलाके में भीड़ मौजूद थी, लेकिन किसी ने भी पीड़ित दंपति को बचाने की जहमत नहीं उठाई।

मारपीट और धमकी देने के बाद भी दबंगों का मन नहीं भरा। जाते-जाते उन्होंने दंपति की कार में भी तोड़फोड़ की और फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान दंपति का मेडिकल कराया। स्वरूप नगर थाना पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस ने थार सवार अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Also Read: Lucknow News: 15 मार्च से शुरू होगी संपत्तियों की ‘ई-रजिस्ट्री’, यूपी का पहला डिजिटल प्राधिकरण बना लखनऊ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.