खामेनेई की मौत पर लखनऊ की सड़कों पर उतरे लोग, 3 दिन के शोक का ऐलान

Lucknow News: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद लखनऊ का माहौल गमगीन हो गया है। रविवार को पुराने लखनऊ के इलाकों में शिया समुदाय के हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला, वहीं कई महिलाएं और पुरुष बिलख-बिलख कर रोते नजर आए।

हाथों में खामेनेई की तस्वीरें लिए प्रदर्शनकारियों ने खामेनेई जिंदाबाद और अमेरिका-इजराइल मुर्दाबाद के नारे लगाए। ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने इस घटना के विरोध में तीन दिवसीय शोक की घोषणा की है। बोर्ड के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों पर काले झंडे लगाएं और काले कपड़े पहनकर अपना विरोध दर्ज करें। अगले तीन दिनों तक शहर में जगह-जगह मजलिसों का आयोजन किया जाएगा।

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात को देखते हुए लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट (CCSIA) से खाड़ी देशों के लिए जाने वाली सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

लखनऊ: दुबई और रियाद की 2-2, जबकि मस्कट, अबू धाबी, दम्माम और शारजाह की 1-1 फ्लाइट कैंसिल हुई है।

वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट से दुबई जाने वाली 2 फ्लाइटों को 4 मार्च तक के लिए रद्द कर दिया गया है। यात्रियों को हो रही असुविधा के लिए एयरलाइंस कंपनियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

खामेनेई की मौत पर लखनऊ की सड़कों पर उतरे लोग, 3 दिन के शोक का ऐलान

पुलिस का सख्त पहरा, अलर्ट मोड पर प्रशासन

शिया समुदाय के भारी प्रदर्शन और सुरक्षा के मद्देनजर लखनऊ पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुराने लखनऊ के संवेदनशील इलाकों, खासकर बड़ा इमामबाड़ा और छोटा इमामबाड़ा के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। ड्रोन और सीसीटीवी के जरिए प्रदर्शनकारियों की भीड़ पर नजर रखी जा रही है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।

Also Read: खामेनेई की मौत के विरोध में भारत के कश्मीर में भी फूटा गुस्सा, यूएन प्रमुख ने दी महायुद्ध की चेतावनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.