देवरिया शिक्षक सुसाइड केस: बाबू के सामने गिड़गिड़ाता रहा शिक्षक, ऐसे खुली भ्रष्टाचार की पोल

Sandesh Wahak Digital Desk: देवरिया में सहायक अध्यापक कृष्ण मोहन सिंह द्वारा अपनी जीवनलीला समाप्त करने के मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक ऑडियो ने इस बात की पुष्टि की है कि शिक्षक को किस हद तक मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया गया था। ऑडियो में शिक्षक बीएसए कार्यालय के लिपिक (बाबू) के सामने रहम की भीख मांगते सुनाई दे रहे हैं।

“सब कुछ लुटा दिया, फिर भी नहीं पिघला दिल”

पुलिस जांच और सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह की विवेचना में जो तथ्य सामने आए हैं, वे रोंगटे खड़े करने वाले हैं। जांच में पता चला है कि कृष्ण मोहन सिंह ने अपना काम कराने के लिए 14 लाख रुपये लिपिक संजीव सिंह तक पहुंचाए थे। यह रकम सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अनिरुद्ध सिंह के जरिए भेजी गई थी। सिर्फ इतना ही नहीं, शिक्षक ने ‘गोल्ड लोन’ लेकर और अपने परिचित ओंकार सिंह के जरिए 9 लाख रुपये और जुटाए थे। पूछताछ में लेनदेन की पुष्टि हो चुकी है।

बेबसी का ऑडियो वायरल

करीब 55 सेकंड का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल है (जिसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है)। इसमें कृष्ण मोहन सिंह बाबू संजीव सिंह के सामने अपना काम करने के लिए गिड़गिड़ा रहे हैं। शिक्षक बार-बार दफ्तर के चक्कर काट रहे थे, लेकिन लाखों रुपये लेने के बावजूद उनका काम नहीं किया गया, जिससे टूटकर उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया।

निलंबन हुआ, पर गिरफ्तारी अब तक नहीं

इस मामले में आरोपी बीएसए शालिनी श्रीवास्तव और लिपिक संजीव सिंह को निलंबित किया जा चुका है। 21 फरवरी को मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में हुई देरी का फायदा उठाकर दोनों आरोपियों ने अपने ठिकाने बदल लिए हैं। पुलिस बलिया और आसपास के जिलों में छापेमारी कर रही है।

न्याय की आस में परिजन

कुशीनगर के रहने वाले कृष्ण मोहन सिंह गौरीबाजार ब्लॉक के मदरसन स्कूल में तैनात थे। आत्महत्या से पहले उन्होंने जो सुसाइड नोट और वीडियो छोड़ा था, उसमें सीधे तौर पर बीएसए और बाबू को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था। अब वायरल ऑडियो ने उनके आरोपों को और मजबूती दे दी है।

Also Read: AI समिट में ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन: यूथ कांग्रेस के 9 कार्यकर्ताओं को मिली जमानत, कोर्ट ने की ये टिप्पणी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.