बनारस की होली में ‘जाम’ का रिकॉर्ड, एक दिन में 10 करोड़ की शराब पी गए लोग

Sandesh Wahak Digital Desk: रंगों के त्योहार होली पर वाराणसी में इस बार उमंग और उल्लास के साथ-साथ सुराप्रेमियों का भी जलवा रहा। बनारसी मस्ती में डूबे लोगों ने इस साल शराब की बिक्री के पिछले सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए। आबकारी विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, होली के अवसर पर बनारस में महज एक दिन के भीतर 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की शराब और बीयर की बिक्री हुई।

पिछली बार से ज्यादा चढ़ा ‘नशा’

आबकारी विभाग के मुताबिक, वाराणसी में आम दिनों में महीने भर में लगभग 150 करोड़ रुपये की शराब बिकती है, लेकिन होली के मौके पर बिक्री में जबरदस्त उछाल देखा गया। पिछले साल के मुकाबले इस बार लोगों ने शराब की खरीदारी में ज्यादा दिलचस्पी दिखाई। दुकानों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें देखी गईं और शाम होते-होते करीब 10 प्रतिशत ज्यादा शराब की खपत दर्ज की गई।

हुड़दंग पर पुलिस का पहरा

जश्न की आड़ में कहीं माहौल न बिगड़े, इसके लिए वाराणसी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखी। गोदौलिया, गिरजाघर, चेतगंज, पांडेपुर और शिवपुर जैसे इलाकों में युवाओं की टोलियां दोपहर 1:00 बजे तक जमकर होली खेलती रहीं। पुलिस ने हुड़दंगियों पर लगाम कसने के लिए जगह-जगह गश्त की और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर रखी।

गाजियाबाद में तो और भी बुरा हाल: 20 करोड़ का ‘कोटा’ पूरा

सिर्फ बनारस ही नहीं, एनसीआर के गाजियाबाद में भी सुराप्रेमियों ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। गाजियाबाद में होली के आसपास के दिनों में करीब 20 करोड़ रुपये की शराब और बीयर की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई। इसमें से 4 करोड़ रुपये की तो सिर्फ बीयर ही पी ली गई।

Also Read: आजमगढ़ में पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़, दो शातिर बदमाशों के पैर में लगी गोली, 4 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.