पूर्व भाजपा विधायक का विवादित बयान, राक्षसों से की मुस्लिम की तुलना, बोले- वध होगा तभी सुरक्षित रहेगा सनातन
Siddharthnagar News: डुमरियागंज के शाहपुर स्थित हिंदू भवन में आयोजित होली मिलन समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व प्रदेश प्रभारी और पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह खुले मंच से एक समुदाय विशेष के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं।
पूरी दुनिया के मुसलमान आज के राक्षस
जनसभा को संबोधित करते हुए राघवेंद्र सिंह ने मर्यादा की सीमाएं लांघते हुए मुस्लिम समुदाय पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, आज के राक्षस केवल इस देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के मुसलमान हो चुके हैं। मुझे इनका नाम लेने में कोई संकोच नहीं है। आज पूरी दुनिया में जो लड़ाई छिड़ी है, उसमें इन राक्षसों का वध होता दिखाई दे रहा है।
भगवान नरसिंह का दिया उदाहरण
भड़काऊ भाषण को जारी रखते हुए उन्होंने भगवान नरसिंह और हिरण्यकश्यप के प्रसंग का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह भगवान ने भक्त प्रह्लाद को बचाने के लिए राक्षस का वध किया था, उसी तरह आज भी ये राक्षस कुकुरमुत्ते की तरह उग रहे हैं। उन्होंने समर्थकों से अपील की कि वे इन राक्षसों के वध का संकल्प लें, क्योंकि उनके खत्म होने पर ही सनातन धर्म सुरक्षित रहेगा। यह पहली बार नहीं है जब राघवेंद्र प्रताप सिंह ने इस तरह का भड़काऊ भाषण दिया हो। उनका विवादों से गहरा नाता रहा है।
अक्टूबर 2025: डुमरियागंज के धनखरपुर में उन्होंने युवाओं को उकसाते हुए कहा था कि अगर मुस्लिम दो हिंदू लड़कियों को ले जाते हैं, तो हिंदू युवाओं को 10 मुस्लिम लड़कियां लानी चाहिए। उन्होंने उनके खाने और नौकरी तक का इंतजाम करने का वादा किया था।
ताजा बयान के बाद इंटरनेट पर लोग उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि जिले का आपसी भाईचारा बना रहे। अभी तक इस मामले में स्थानीय पुलिस या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। देखना यह होगा कि क्या इस भड़काऊ बयानबाजी पर कोई कानूनी शिकंजा कसा जाता है।
Also Read: ट्रंप गुंडे और बदमाश की तरह कर रहे व्यवहार, शिया धर्मगुरु बोले- मोदी सरकार ने किया मायूस

