Barabanki News: बदमाशों ने अधिवक्ता को पेट में मारी गोली, हालत गंभीर
Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद में शुक्रवार देर शाम बदमाशों ने एक और सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहारीपुरवा इलाके में प्रैक्टिस कर रहे अधिवक्ता चंद्रेश वर्मा को बदमाशों ने गोली मारकर लहूलुहान कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
सफदरगंज के वीरबलपुरवा निवासी अधिवक्ता चंद्रेश वर्मा ने हाल ही में मोहारीपुरवा में अपना नया मकान बनवाया है। शुक्रवार शाम जब वे अपने घर के पास मौजूद थे, तभी पहले से छिपे हुए 4-5 हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने सीधे उनके पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही चंद्रेश जमीन पर गिर पड़े और हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।
सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने जांच शुरू की। शुरुआती पूछताछ में घायल अधिवक्ता ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए अपने ही सगे चाचा के बेटों और कुछ पट्टीदारों पर हमले का आरोप लगाया है। पुलिस अब इस पारिवारिक रंजिश के पीछे की असली वजह तलाश रही है।
इस वारदात के बाद जिले के वकीलों का गुस्सा फूट पड़ा है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र वर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों अधिवक्ता जिला अस्पताल और मौके पर जमा हो गए। वकीलों का कहना है कि कुछ दिन पहले ही अधिवक्ता शोएब किदवई की सरेआम हत्या कर दी गई थी, जिसका पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर पाई है। एक के बाद एक वकीलों पर हो रहे हमलों से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वकीलों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
Also Read: Mathura News: 14 साल बाद लौटी लव जिहाद की शिकार युवती, हिंदू धर्म में लौटने की जताई इच्छा

