संसद में गूंजी दिल्ली चुनाव रद्द करने की मांग, संजय सिंह बोले- साजिश रचकर आप नेताओं को फंसाया

Sandesh Wahak Digital Desk:  दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर भूचाल आ गया है। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने संसद में शून्य काल के दौरान चर्चा के लिए नोटिस देते हुए हाल ही में हुए दिल्ली विधानसभा चुनावों को रद्द करने की मांग की है। संजय सिंह का आरोप है कि जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर उनके नेताओं को झूठे मुकदमों में फंसाया गया, जिससे चुनाव परिणाम प्रभावित हुए।

सोशल मीडिया पर भी भरी हुंकार

संजय सिंह ने अपने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर इस नोटिस की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, “दिल्ली का चुनाव रद्द हो। लोकतांत्रिक ढंग से चुनी गई सरकार को झूठा मुकदमा लगाकर बदनाम किया गया। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया सहित ‘आप’ के तमाम नेताओं को अवैध तरीके से गिरफ्तार किया गया और साजिश रचकर चुनाव हराया गया है।”

एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

संजय सिंह ने अपने नोटिस में विशेष अदालत (Special Court) की उस टिप्पणी का जिक्र किया है, जिसमें जांच एजेंसी द्वारा पेश किए गए सबूतों को अपर्याप्त बताया गया था। सांसद ने लिखा कि जब अदालत ने स्पष्ट कह दिया कि अभियोजन पक्ष ‘प्रथम दृष्टया’ साक्ष्य साबित करने में विफल रहा, तो यह साबित होता है कि मामला कानूनी रूप से टिकने लायक नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि गिरफ्तारियां न्याय के लिए नहीं, बल्कि राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने और उनकी छवि खराब करने के लिए की गई थीं।

“दिल्ली में फिर से हो चुनाव”

संजय सिंह ने मांग की है कि चूंकि अब अदालत ने आरोपियों को दोषमुक्त करने जैसी टिप्पणियां की हैं, इसलिए पिछले चुनाव की निष्पक्षता संदिग्ध हो गई है। ऐसे में सरकार को चाहिए कि वह दिल्ली में नए सिरे से चुनाव कराए ताकि जनता को सही माहौल में अपना प्रतिनिधि चुनने का मौका मिले।

Also Read: Lucknow News:  जानें 1090 चौराहे की सूरत बदलने वाला 570 करोड़ का मास्टर प्लान!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.