Lucknow News: दांडी मार्च के चलते हजरतगंज की सड़कों पर ‘नो एंट्री’, निकलने से पहले देख लें नया रूट
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में आज ‘दांडी मार्च’ कार्यक्रम के चलते मध्य क्षेत्र के यातायात में व्यापक बदलाव किए गए हैं। वहीं, आगामी 13 से 16 मार्च तक होने वाली दरोगा भर्ती परीक्षा के लिए रोडवेज प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु विशेष बसों का संचालन करने का निर्णय लिया है।
दांडी मार्च: रूट डायवर्जन (आज सुबह 7:00 बजे से)
डीसीपी ट्रैफिक कमलेश दीक्षित के अनुसार, सुबह 8:30 बजे जनभवन से लखनऊ विश्वविद्यालय तक दांडी मार्च निकाला जाएगा। इसके लिए हजरतगंज और आसपास के क्षेत्रों में मार्ग परिवर्तन लागू रहेगा।
हजरतगंज/जीपीओ: डीएसओ चौराहे से वाहन पार्क रोड या सिसेंडी तिराहा होकर जा सकेंगे।
विधानसभा मार्ग: रॉयल होटल चौराहे से वाहन कैसरबाग या बर्लिंगटन की ओर डायवर्ट रहेंगे।
महानगर/संकल्प वाटिका: यहाँ से आने वाली सिटी बसें और बड़े वाहन बैकुंठ धाम, 1090 और बंदरियाबाग होकर निकलेंगे।
चारबाग/केकेसी: रोडवेज और सिटी बसें हुसैनगंज के बजाय लोको या कैंट होकर कैसरबाग जा सकेंगी।
राजभवन/बंदरियाबाग: यहां से वाहन लालबत्ती चौराहा या गोल्फ क्लब की ओर भेजे जाएंगे।
दरोगा भर्ती परीक्षा (13-16 मार्च): रोडवेज की विशेष तैयारी
क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने बताया कि परीक्षार्थियों के लिए 8 प्रमुख शहरों से अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
प्रमुख रूट: कानपुर (शहर व देहात), सुलतानपुर, अम्बेडकरनगर, रायबरेली, प्रतापगढ़, फतेहपुर, अयोध्या और गोरखपुर।
हेल्पडेस्क: आलमबाग और कैसरबाग बस अड्डों के साथ-साथ चारबाग रेलवे स्टेशन पर भी हेल्पडेस्क और होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं।
‘निशुल्क यात्रा’ की अफवाह से बचें
परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के लिए बस यात्रा निशुल्क नहीं है। सोशल मीडिया पर प्रवेश पत्र दिखाकर फ्री यात्रा के संदेश भ्रामक और असत्य हैं। परीक्षार्थियों को निर्धारित किराया देना होगा।
परीक्षार्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
परीक्षा केंद्र पर 2 घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य है। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले गेट बंद कर दिया जाएगा। प्रवेश पत्र (Admit Card), मूल पहचान पत्र (आधार कार्ड, डीएल या पासपोर्ट) और काला/नीला बॉल पॉइंट पेन। पेंसिल बॉक्स, कैलकुलेटर, स्केल, पेन ड्राइव और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूरी तरह रोक है।

