Siddharthnagar News: हमारा आंगन-हमारे बच्चे कार्यक्रम का आयोजन, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर जनपद में बुनियादी शिक्षा और बच्चों के समग्र विकास को लेकर ‘हमारा आंगन हमारे बच्चे’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ब्लॉक संसाधन केंद्र बर्डपुर के प्रांगण में बेसिक शिक्षा विभाग और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, शिक्षकों और बच्चों की मौजूदगी में शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
निपुण भारत मिशन की जागरूकता पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी रामू प्रसाद ने कहा कि बुनियादी शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता है। ‘हमारा आंगन हमारे बच्चे’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य निपुण भारत मिशन के अंतर्गत पूर्व प्राथमिक और प्राथमिक शिक्षा के लिए निर्धारित अधिगम लक्ष्यों के बारे में जन समुदाय को जागरूक करना है। इसके साथ ही निपुण बच्चों का उत्साहवर्धन करना भी इस कार्यक्रम का उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए पौष्टिक आहार और मध्यान्ह भोजन जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जन समुदाय के सहयोग से ही निपुण भारत मिशन के लक्ष्य को शत प्रतिशत प्राप्त किया जा सकता है।
TLM प्रदर्शनी का किया गया अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी रामू प्रसाद ने को-लोकेटेड आंगनबाड़ी के परिसर वाले विद्यालयों द्वारा लगाए गए टीएलएम प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर प्रत्येक न्याय पंचायत से कक्षा एक और दो के पांच-पांच बच्चों का चयन कर कुल 40 निपुण बच्चों को कॉपी, पटरी, पेंसिल, पेन, रबर, कटर और बैग प्रदान किए गए। इन सामग्रियों के माध्यम से बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया।
कई शिक्षकों और अधिकारियों ने किया संबोधित
कार्यक्रम के दौरान पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला महामंत्री कलीमुल्लाह, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार मिश्र, महिला शिक्षक संघ की मंत्री रश्मि जायसवाल, एआरपी संदीप द्विवेदी, अभय कुमार यादव, राम कृष्ण यादव, अनुराग श्रीवास्तव और विवेक पासवान ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन संकुल शिक्षक शमशुल हक ने किया।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे लोग
इस अवसर पर अभिनव कुमार श्रीवास्तव, इश्तियाक अहमद, जुबैर अहमद उस्मानी, राम सेवक, सेराज अहमद, सालिक राम चौधरी, कामिनी गुप्ता, सावित्री चौधरी, उमा और विभा यादव सहित कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
रिपोर्ट – जाकिर खान
Also Read: लखनऊ में 11 होटल और मैरिज लॉन पर गिरेगी गाज, प्रशासन ने दिए ध्वस्तीकरण के आदेश

