ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई पर सस्पेंस, ट्रंप का दावा- वे जिंदा हैं पर गंभीर रूप से घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी भीषण युद्ध के बीच ईरान की सत्ता के शीर्ष केंद्र से जुड़ी खबरें दुनिया को चौंका रही हैं। दावा किया जा रहा है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर सैय्यद मोजतबा हुसैनी खामेनेई अमेरिकी और इजरायली हमलों में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए दावा किया है कि मोजतबा खामेनेई सुरक्षित तो हैं, लेकिन वे शारीरिक रूप से काफी चोटिल हैं। ट्रंप ने कहा, मुझे लगता है कि वे (मोजतबा) जिंदा हैं, लेकिन घायल हैं। गौरतलब है कि सुप्रीम लीडर बनने के बाद से मोजतबा को सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है, जिससे इन दावों को बल मिल रहा है।
हमले में उजड़ गया परिवार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए पहले दिन के हमले में न केवल पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हुई, बल्कि उनके परिवार को भी भारी क्षति पहुँची है। हमलों में मोजतबा की पत्नी, उनकी माँ (अली खामेनेई की पत्नी), बेटी और पोते की मौत की खबरें सामने आई हैं। साइप्रस में ईरान के राजदूत अलिरेजा सालारियन के अनुसार, मोजतबा के हाथों और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और वे अस्पताल में भर्ती हैं। अंतरराष्ट्रीय मीडिया का कहना है कि उनका एक पैर टूट गया है और चेहरे पर भी चोट के निशान हैं।
अस्पताल से चल रही है हुकूमत
अली खामेनेई की मौत के बाद आनन-फानन में मोजतबा को नया सुप्रीम लीडर घोषित किया गया था। पद संभालने के बाद उनका पहला आधिकारिक बयान भी गुरुवार को एक टीवी प्रेजेंटर द्वारा पढ़ा गया, न कि उन्होंने खुद इसे संबोधित किया। ईरानी सरकारी टीवी ने स्वीकार किया है कि मोजतबा को चोटें आई हैं और उनका ऑपरेशन चल रहा है।
Also Read: बॉक्स ऑफिस पर सुनामी तय! साउथ के इस सुपरस्टार का 2000 करोड़ का रिकॉर्ड लगभग पक्का

