Aligarh News: भाजयुमो के दो गुटों में फायरिंग, हर्षद हिंदू समेत 8 गिरफ्तार, NSA और गैंगस्टर एक्ट लगाने की तैयारी
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में भाजयुमो नेताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई खूनी संघर्ष में बदल गई। गुरुवार रात हुई इस हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हर्षद हिंदू सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी नीरज जादौन ने साफ कर दिया है कि आरोपियों के खिलाफ न केवल मुकदमा चलेगा, बल्कि उन पर गैंगस्टर एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
एक गाने से शुरू हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद की जड़ एक सोशल मीडिया पोस्ट थी। बुधवार को हर्षद हिंदू ने अपने सोशल मीडिया पर एक गाने का स्टेटस लगाया था। इस स्टेटस पर दूसरे गुट के मोहित शर्मा ने आपत्ति जताई, जिसके बाद फोन पर दोनों के बीच जमकर गाली-गलौज हुई।
माफी मांगने बुलाया और कर दी पिटाई
विवाद को शांत करने के लिए गुरुवार शाम को मोहित शर्मा को बातचीत के लिए बुलाया गया। मोहित वहां माफी मांगने को तैयार था, लेकिन हर्षद गुट के लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। जब इसकी जानकारी दूसरे गुट के शशांक पंडित को हुई, तो वह अपने साथियों के साथ सराय हकीम पुलिया के पास पहुँच गया।
फायरिंग में तीन लोगों को लगी गोली
पुलिया के पास दोनों गुटों का आमना-सामना होते ही फायरिंग शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों तरफ से ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। इस गोलाबारी में हर्षद गुट का शानू और शशांक गुट का आयुष शर्मा गोली लगने से जख्मी हो गया। वहीं राहगीर या अन्य साथी शोएब को भी गोली लगी। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने इस मामले में हर्षद हिंदू, शशांक पंडित और मोहित शर्मा समेत करीब एक दर्जन नामजद और 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अब तक हर्षद, यश, मयंक, योगेंद्र, प्रफुल्ल, नमन, गौरव और आयुष शर्मा को गिरफ्तार किया जा चुका है। फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
Also Read: बच्चों से मिलीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, किसी ने पीएम तो किसी ने पायलट बनने का जताया सपना

